शाहजहांपुर। शहर में सीवर लाइन डालने का काम भले ही पूरा होने का दावा जल निगम के अधिकारी कर रहे हों, लेकिन घरों तक कनेक्शन देने और सड़कों की मरम्मत का कार्य अब भी कई जगह बकाया है। इस बीच सीवर के चैंबर चोक होने व मैनहोल के ढक्कन क्षतिग्रस्त होने की शिकायतें लगातार आ रही हैं। इसको लेकर वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने शनिवार को दिशा की बैठक में नाराजगी जताते हुए कार्यदायी संस्था पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए थे।
रविवार को पड़ताल की गई तो कई जगह दिक्कतें मिलीं। कार्यदायी संस्था की काम में मनमानी से लोग समस्या से जूझते मिले। सबकुछ सामने होने के बाद भी अधिकारी लापरवाह बने हुए हैं। तारीन बहादुरगंज में सीवर लाइन डालने के कारण तारीन टिकली तिराहे से बहादुरगंज पचराहा मार्ग पर जगह-जगह सड़क उखड़ी हुई है। बताया जाता है कि करीब एक माह पूर्व गलियों के सीवर को मुख्य सड़क पर चैंबर से जोड़ा गया था, तब से सड़क का यह हाल है।
तारीन टिकली की मस्जिद वाली गली में कुछ घरों में सीवर कनेक्शन दिए गए हैं, कई में नहीं दिए गए। इससे घरों से निकलने वाला पानी नालियों में आ रहा है। बृज विहार कॉलोनी में सीए संजीव बंसल के घर के सामने वाले मार्ग की इंटरलॉकिंग करीब डेढ़ माह से उखड़ी पड़ी है। इसी वार्ड के चमकनी कर्बला में महादेव नगर राजेश की डेयरी के पास सीवर का चैंबर करीब 20 दिनों से चोक है। सूचना देने के बाद भी इसे अब तक कोई ठीक करने नहीं आया।
मोहल्ला कटिया टोला में निशात सिनेमा से बहादुरगंज पचराहा जाने वाले मार्ग पर सीवर के तमाम मैनहोल के ढक्कन क्षतिग्रस्त हैं। उनमें लगी लोहे की पट्टी उखड़ने से राहगीरों को चोट लगने की संभावना बनी रहती है, जिससे लोगों को बचाने के लिए आसपास के दुकानदारों ने उसको ईंटें रखकर दबा दिया है।
बहादुरगंज में सरस्वती प्रेस वाली गली में सीवर के कनेक्शन देने का काम हो रहा है, यहां पर गली को फिर से खोदे जाने से लोगों को आवागमन में दिक्कत हो रही है। गत माह ही निर्मित कचहरी रोड को भी कई जगह खोद दिया गया है। इसकी मरम्मत के नाम पर खानापूरी कर दी गई, जबकि जीआईसी छात्रावास वाली गली से सीवर लाइन को मुख्य सड़क पर चैंबर से जोड़ने वाली रोड खोदी हुई पड़ी है।
-
लोग बोले-सड़कों पर चलना तक मुश्किल
- तारीन बहादुरगंज निवासी शक्ति रावत ने बताया कि हमारी तरफ सड़कों को फिर से खोद दिया गया है। वाहनों के आवागमन के दौरान धूल उड़ने से भी बहुत दिक्कत होती है। बहादुरगंज निवासी राजीव कुमार ने बताया कि मोहल्ले में शायद ही ऐसी कोई गली होगी, जोकि ठीक-ठीक हो। करीब दो साल से मुसीबत झेल रहे हैं। खिरनीबाग निवासी विकास ने बताया कि कचहरी रोड का विगत माह बनी थी। इसके बाद फिर से जगह-जगह खोदा गया है। इससे नवनिर्मित सड़क पर गड्ढे हो गए हैं। खोदी पड़ी सड़कों को भी सही नहीं करवाया जा रहा है।
-
पार्षदों की भी सुनी नहीं जा रही बात
बृज विहार के पार्षद रामबरन सिंह ने बताया कि वार्ड में कुछ स्थानों पर चैंबर चोक हो रहे है। उन्होंने कार्यदायी कंपनी के एपीएम विनोद चौधरी को पत्र लिखकर जानकारी दी थी, लेकिन ठीक नहीं किया गया।
-
एक्सईएन तो जनता को ही ठहरा रहे जिम्मेदार
जल निगम के एक्सईएन कपिल एम. सिंह ने बताया कि सीवर लाइन के चैंबर चोक होने का प्रमुख कारण लोग खुद हैं। उन्होंने अपने घरों की नालियों में जाल नहीं लगवाया है। नाली के माध्यम से कूड़ा आने से वह चैंबर में फंस जाता है, तभी समस्या आ रही है। निर्माण सामग्री की गुणवत्ता को परखने के बाद ही उपयोग किया जाता है। इस पर सवाल उठने पर जांच के लिए समिति बनाई गई है। सडकों की मरम्मत का कार्य जारी है। अगले डेढ़ माह में सभी सडकों व गलियों को दुरुस्त करवा लिया जाएगा।