जलालाबाद। जलाभिषेक के लिए गोला गोकर्णनाथ जाने वाले कांवड़ियों का बुधवार को मौसम ने भरपूर साथ दिया। सुबह से घिरे घने बादलों और फुहारों के बीच बड़ी संख्या में कांवड़ियों के जत्थे हर-हर महादेव के जयकारों के साथ निकलते रहे।
इस दौरान कोला मोड़ से लेकर बारह पत्थर चौराहे के बीच कई स्थानों पर उनके लिए भोजन व नाश्ते आदि के शिविर संचालित किए गए। बीते पांच दिनों की तुलना में बुधवार को पैदल गोला जाने कांवड़ियों की संख्या कम रही, लेकिन बाइक व अन्य चार पहिया वाहनों से गोला जाने वाले शिवभक्त बड़ी संख्या में निकलते रहे। डाइवर्जन व्यवस्था मंगलवार सुबह से हटा लिए जाने से बरेली-फर्रुखाबाद हाईवे और शाहजहांपुर हाईवे के कांवड़ रूट पर सुबह से सभी वाहन संचालित होते रहे। संवाद
शोभायात्रा निकालकर कांवड़िये किए रवाना
रोजा। सरायकाइयां में ब्रह्मदेव स्थान पर स्थापित शनि शिला के सेवक फर्रुखाबाद के पांचाल घाट से गंगा जल की कांवड़ लाकर बुधवार को छोटी काशी गोला गोकर्णनाथ के लिए रवाना हुए। इस मौके पर क्षेत्रवासियों ने हरदोई बाइपास चौराहे से मनोकरण मंदिर तक झांकियों से सुसज्जित शोभायात्रा निकाली।
शोभायात्रा में रंगबिरंगी रोशनी बिखेरने वाले डीजे सहित गणेश जी, शिव-पार्वती, राधा-कृष्ण, खाटू श्याम बाबा आदि देव स्वरूपों की झांकियां सभी के आकर्षण का केंद्र रही। मनोकरण मंदिर पहुंचने पर शोभायात्रा में शामिल लोगों ने कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा की। इस दौरान पंकज गुप्ता, सत्यदेव त्रिपाठी, अरविंद दीक्षित, सियाराम राठौर, रूपम मौर्य आदि मौजूद रहे। संवाद
सरथौली के शिव मंदिर में युवाओं ने किया जलाभिषेक
कुर्रियाकलां। सरथाैली गांव के युवाओं ने बुधवार को फर्रुखाबाद के घटिया घाट से लाए गए गंगाजल से गांव के शिवालय में भगवान शिव का जलाभिषेक किया। इससे पहले, मंगलवार को सुबह युवाओं की टोली फर्रुखाबाद रवाना हुई और वहां से कई कलशों में 51 लीटर गंगा जल भरकर देर रात गांव पहुंची। जलाभिषेक करने वालाें में एसपी सिंह, विपिन सिंह, भूपेंद्र उर्फ गोधन, रोहित महंत, लल्ला पंडित, रामलखन आदि शामिल रहे। संवाद
गंगा घाट से जल लेकर जलालाबाद से निकलते कांवड़िये। संवाद