मीरानपुर कटरा। लखनऊ-दिल्ली रेलमार्ग पर बीरमपुर गांव की रेलवे क्रॉसिंग पर रविवार रात ट्रेन की चपेट में आकर बरात से लौट रहे दूल्हे के चचेरे भाई की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया।
बिलसंडा (पीलीभीत) क्षेत्र के गांव बबुरा निवासी अमित शर्मा की सैंजना में बरात आई थी। इसमें दूल्हे के चचेरे भाई ओमप्रकाश शर्मा (40 वर्ष) भी आए थे। रविवार रात 11 बजे बरात पीलीभीत लौट रही थी। रास्ते में बीरमपुर की रेलवे क्रॉसिंग का गेट बंद था। इस कारण वहां बरात के सभी वाहन खड़े हो गए। इसी बीच कार से उतरकर ओमप्रकाश शर्मा गेट मैन अवधेश कुमार से मिले। उनसे बरात के वाहन निकालने के लिए गेट खोलने को कहा।
गेट मैन ने मना कर दिया। इसी दौरान वह डाउन लाइन पर आई चंडीगढ़-वाराणसी स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आकर वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल सीएचसी लाया गया, लेकिन वहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत से बरात की खुशियां काफूर हो गईं। उनकी मौत से पत्नी ममता समेत दो बेटों अनमोल व दिव्यांश का रो-रोकर हाल बेहाल है। स्टेशन अधीक्षक मो. हनीफ के अनुसार इस हादसे से रेल संचालन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा।