पुवायां में गांव गंगसरा के पास जलती नरई
- फोटो : POWAYAN
पुवायां। गांव उमरिया कल्याणपुर के पास बुधवार दोपहर नरई में आग लग गई। तेज हवा से आग पड़ोसी गांव गंगसरा की ओर बढ़ने लगी, लेकिन गांव से पांच सौ मीटर पहले मक्के की फसल होने के कारण आग आगे नहीं बढ़ सकी।
ग्रामीणों ने बताया कि बुधवार दोपहर उमरिया कल्यानपुर के एक किसान ने नरई में आग लगा दी। तेज हवा के कारण आग फैलने लगी और गांव गंगसरा की ओर तेजी से बढ़ने लगी। लोग आग बुझाने के लिए इकत्रित हो गए, लेकिन विकराल रूप देखकर हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे। गांव से करीब पांच सौ मीटर पहले अहिबरन लाल की मक्के की फसल खड़ी होने के कारण आग आगे नहीं बढ़ सकी।
इससे गांव के लोगों ने राहत की सांस ली। किसी ने आग की सूचना यूपी-112 पर दी तो एक बाइक से दो पुलिसकर्मी पहुंचे। बाद में फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी पहुंच गई, लेकिन तब तक आग बुझ चुकी थी। उधर लोग नरई में आग लगाने वाले किसान का बचाव करते हुए बिजली के तारों की चिंगारी से आग लगने की बात कह रहे हैं।
धुआं से परेशान हुए गंगसरा के लोग
नरई में आग लगने के बाद धुएं के गुबार ने गांव गंगसरा को घेर लिया। गांव में काफी धुआं भरने के कारण लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।