शहर के लाला तेली बजरिया मोहल्ले में सफाई करते वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना। संवाद
शाहजहांपुर। वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने शनिवार को लाला तेली बजरिया मोहल्ले में सड़क और गलियों की सफाई की। मंत्री ने गंदगी पर नाराजगी जताई और अधिकारियों को नियमित सफाई के निर्देश दिए।
वित्त मंत्री ने शहर के मोहल्ला लाला तेली बजरिया में पहुंचकर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खुद झाड़ू उठाकर सड़क और गलियों की सफाई की। सफाई अभियान के साथ ही वित्त मंत्री ने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं। लोगों ने जलभराव, नालियों की सफाई और पेयजल जैसी समस्याओं को मंत्री के सामने रखा। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। मंत्री सुरेश खन्ना ने लोगों से अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने और नगर निगम का सहयोग करने की अपील की।
खुदागंज/कांट। स्वच्छता के प्रति जन जागरूकता बढ़ाने और साफ-सुथरा वातावरण बनाए रखने के लिए शनिवार को सुबह दोनों नगर पंचायतों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। खुदागंज में मोहल्ला साहूकारा स्थित सामुदायिक केंद्र परिसर से स्वच्छता अभियान की शुरुआत की गई। इस मौके पर नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष सुधीर सिंह ने स्वयं झाड़ू लगाकर सभी को अपने आसपास का परिवेश साफ रखने का संदेश दिया।
कांट में अधिशासी अधिकारी नूरजहां के नेतृत्व में प्राचीन माता शीतला देवी मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसमें नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष रईस मियां सहित वार्ड सदस्यों, कर्मचारियों और नागरिकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।