शाहजहांपुर। नोडल अधिकारी और प्रमुख सचिव, सचिवालय प्रशासन, उत्तर प्रदेश पुनर्गठन समन्वय एवं भाषा विभाग मनीष चौहान ने शनिवार को विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
प्रमुख सचिव ने डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी व सीडीओ उत्कर्ष द्विवेदी के साथ निर्माणाधीन प्लैनेटोरियम, मल्टीलेवल कार पार्किंग, गांधी भवन के जीर्णोद्धार कार्य और निर्माणाधीन हॉकी क्लब की प्रगति का जायजा लिया।
अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के अंतर्गत मल्टीलेवल कार पार्किंग परियोजना में मुख्य भवन, लिफ्ट, फायर फाइटिंग व्यवस्था, गार्ड रूम, पार्किंग और स्ट्रीट लाइट जैसी सुविधाओं का निर्माण कराया जा रहा है। लगभग 65 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। इस परियोजना फरवरी 2027 तक पूर्ण किए जाने का लक्ष्य निर्धारित है।
प्रमुख सचिव ने राज्य स्मार्ट सिटी योजना के तहत निर्माणाधीन प्लैनेटोरियम का भी निरीक्षण किया। परियोजना में मुख्य भवन, लिफ्ट, फायर फाइटिंग प्रणाली, पंप रूम, स्ट्रीट लाइट और लैंडस्केपिंग का कार्य कराया जा रहा है। इसके बाद प्रमुख सचिव ने गांधी भवन के जीर्णोद्धार कार्य तथा निर्माणाधीन हॉकी क्लब का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विकास प्रदर्शनी का किया अवलोकन
नोडल अधिकारी ने विकास भवन परिसर में आयोजित समेकित जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत विकास प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। प्रमुख सचिव ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर संचालित योजनाओं, उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं और प्रदर्शित सामग्री के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
वहीं, प्रमुख सचिव की अध्यक्षता में रविवार को होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मद्देनजर विकास भवन सभागार में बैठक आयोजित की गई। सीडीओ उत्कर्ष द्विवेदी ने बताया कि जनपद स्तरीय मुख्य योग कार्यक्रम 21 जून को जीएफ कॉलेज मैदान पर आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रमुख सचिव, वित्तमंत्री सुरेश कुमार खन्ना, कार्यक्रम में लगभग 400 प्रतिभागियों के बैठने एवं योगाभ्यास करने की व्यवस्था की गई है। इस दौरान डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह, एसपी सौरभ दीक्षित, एडीएम प्रशासन रजनीश कुमार मिश्रा आदि मौजूद रहे।
योजनाओं की प्रगति पर प्रमुख सचिव ने जताया संतोष
प्रमुख सचिव मनीष चौहान ने विकास भवन सभागार में सीएम डैशबोर्ड पर विभिन्न विभागों की प्रगति और रैंकिंग की समीक्षा की। प्रमुख सचिव जनपद के प्रदर्शन पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि अधिकतर योजनाओं में प्रगति सराहनीय है। सीडीओ उत्कर्ष द्विवेदी ने बताया कि प्रदेश स्तर पर जनपद को विकास कार्यों में द्वितीय स्थान और राजस्व कार्यों में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।