बंडा। गड्ढे में डूबने से बच्चे की मौत के मामले में परिवार वाले शव को लेकर थाने के सामने पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की। आरोप है कि पुलिस ने उन्हें थाने के आगे से हटा दिया और अंतिम संस्कार करने की बात कही। इससे परिवार के लोगों में नाराजगी है।
गांव खखरा बुजुर्ग निवासी सोहराब खां का पांच वर्षीय पुत्र अरमान खां की मंगलवार दोपहर पानी के गड्ढे में गिरने से मौत हो गई थी। बुधवार शाम करीब चार बजे सोहराब खां कई लोगों के साथ बच्चे का शव लेकर थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। इस पर थाने के एक दरोगा सभी को भागने लगा।
परिजनों का आरोप है कि दरोगा ने ड्राइवर को बुलाकर जबरदस्ती गाड़ी वहां से भगवा दी। पिता सोहराब खां का आरोप है कि पानी निकास के लिए कुछ लोगों ने प्रधान के आश्वासन पर उसके मना करने के बावजूद उसके मकान के सामने जेसीबी से करीब 15 फुट का गड्ढा खोदवा दिया था। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार राय ने बताया कि उन लोगों ने तहरीर नहीं दी है। किसी ने भगाया नहीं है। संवाद