शाहजहांपुर। परिवहन निगम ने चालकों की कमी को पूरा करने के लिए शनिवार को रोजगार मेले का आयोजन किया। इसमें 14 चालकाें का टेस्ट लिया गया। इसमें दो चालक ठीक से गियर नहीं डालने के कारण फेल कर दिए गए। 12 का चयन कर लिया गया।
परिवहन निगम के बेड़े में 251 बसाें का संचालन होता है। इन बसों के लिए 332 चालक तैनात हैं, जो पर्याप्त नहीं हैं। लंबी दूरी की बसों पर दो चालकों को भेजा जाता है। चालकों की कमी के कारण बसों को चलाने में दिक्कत आती है। इसे देखते हुए शनिवार को रोडवेज बस अड्डे पर चालक भर्ती का आयोजन किया गया। भर्ती मेले में 14 चालक आए।
उनके अभिलेख जांचने के बाद लंबाई भी नापी गई। शारीरिक व अभिलेख दुरुस्त मिलने के बाद पुवायां रोड पर एआरएम अरुण कुमार, स्टेशन इंचार्ज सुशील त्रिवेदी, सीनियर फोरमैन व फोरमैन की निगरानी में रोडवेज की बस को चलवाकर देखा। ट्रायल के दौरान दो चालक सही से गियर नहीं डाल सकें। गियर डालने पर आवाज आने पर दोनों को अनुत्तीर्ण कर दिया।
अफसरों के अनुसार, सही से क्लच नहीं दबाने से गियर डालने पर आवाज आती है। केंद्र अधीक्षक विनोद मिश्रा ने बताया कि 12 चालकों की भर्ती कर ली गई। ड्राइवर के लिए दो साल पुराना हैवी लाइसेंस, आधार कार्ड आदि दस्तावेज होने के साथ पांच फुट तीन इंच लंबाई होनी चाहिए।