शाहजहांपुर। डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने निगोही स्थित डालमिया चीनी मिल का सोमवार देर रात निरीक्षण किया। मिल यार्ड में ओवरलोड ट्राॅले खड़े पाए गए। इसके अलावा विश्रामालय में अव्यवस्था मिलने पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि सड़क सुरक्षा समिति की ओर से निर्देश दिए गए थे कि ट्राॅले से गन्ने की ढुलाई न की जाए। मिल प्रबंधन ने इसका अनुपालन नहीं किया। डीएम ने इसमें कार्रवाई के निर्देश दिए। चीनी परिसर में गन्ना तौल के लिए प्रतीक्षारत कृषकों के विश्रामालय का निरीक्षण करने पर कुछ कृषक जमीन पर सोते मिले। 19 दिसंबर को भी यार्ड के निरीक्षण के दौरान व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली थी। मिल प्रबंधन को व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसका पालन नहीं किया गया। इस संबंध में डीएम ने कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कृषकों के ठहरने, पेयजल, प्रसाधन और ठंड से बचाव के लिए मिल यार्ड में अलाव की समुचित व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। इस दौरान कुछ किसानों ने तौल संबंधी समस्याओं के बारे में बताया। कृषक शिवम ने तौल की अवधि आठ घंटे से अधिक होने की शिकायत की। इस मामले में एडीएम वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार ने एआरटीओ और जिला गन्ना अधिकारी को समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए। जिला गन्ना अधिकारी जितेंद्र मिश्र ने बताया कि दोनों मामलों में मिल प्रबंधन को प्रशासन की ओर से नोटिस जारी किया जाएगा।
पुवायां सीएचसी भी पहुंचे डीएम
पुवायां। सोमवार रात डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह पुवायां सीएचसी पहुंचे। डीएम ने महिला मैटरनिटी विंग में मौजूद मिली स्टाफ नर्स से जानकारी ली। इसके अलावा अस्पताल भवन में जमीन पर सो रहे मरीजों के तीमारदारों से भी बातचीत की। निरीक्षण के दौरान सब ठीकठाक मिला। इसके पूर्व डीएम ने पुवायां में राजीव चौक पर अलाव को देखा और रात्रि गश्त पर मौजूद पुलिस को चेक किया। निगोही सीएचसी में डीएम को सुरक्षा गार्ड नदारद मिले। संवाद