शव से लिपटकर बिलखती रही मां, कई बार हुई बेहोश, शिक्षक बोले-15 मिनट पहले तक मुस्कुरा रहा था अंश, अब सिर्फ यादें रह गईं
शाहजहांपुर। रोजा क्षेत्र में संजय सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के सामने हुए सड़क हादसे ने चौक कोतवाली के मोहल्ला हयातपुरा निवासी सीता की जिंदगी उजाड़ दी। पिकअप की टक्कर में 14 वर्षीय इकलौते बेटे अंश की मौत की खबर मिलते ही मां मेडिकल कॉलेज पहुंची और बेटे का शव देखते ही उससे लिपटकर फूट-फूटकर रो पड़ी। दर्द इतना गहरा था कि वह कई बार बेहोश हो गई। यह मंजर देखकर मेडिकल कॉलेज में मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
हादसे की सूचना मिलते ही सीता एक महिला के साथ घटनास्थल पर बदहवास हालत में पहुंचीं। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह उन्हें संभाला और मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। वहां स्ट्रेचर पर रखे बेटे के शव से लिपटकर वह देर तक विलाप करती रहीं। अंश के स्कूल के शिक्षक और कर्मचारी भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने बताया कि कुछ ही देर पहले अंश स्कूल से हंसते हुए निकला था। किसी ने नहीं सोचा था कि महज 15 मिनट बाद उसकी जिंदगी खत्म हो जाएगी। शिक्षकों ने कहा कि अंश पढ़ाई में होनहार और बेहद अनुशासित छात्र था। उसकी मौत ने पूरे विद्यालय परिवार को झकझोर दिया।
पोस्टमाॅर्टम की प्रक्रिया पूरी होने तक सीता बार-बार मोर्चरी कक्ष के बाहर बेटे को पुकारती रहीं। दरवाजा खटखटाते हुए वह कहती रहीं, बेटा उठो... देखो तुम्हारी मां बुला रही है। उन्होंने रोते हुए कहा कि बेटे का सोमवार को स्कूल जाने का मन नहीं था, लेकिन उन्होंने पढ़ाई का महत्व समझाकर उसे भेज दिया। अब यही बात उन्हें जिंदगीभर सालती रहेगी। मौके पर पहुंचीं अंश की नानी गुड़िया भी खुद को नहीं संभाल सकीं।
उन्होंने कहा कि पहले सीता के पति की मौत हुई और अब इकलौते बेटे के चले जाने से उसकी पूरी दुनिया उजड़ गई। पति की मौत के बाद सीता निजी विद्यालय में नौकरी कर किसी तरह बेटे को पालन-पोषण कर रही थी। उसकी जिंदगी का एकमात्र सहारा छिन गया।
स्कूल के बाहर स्पीड ब्रेकर बनाने की उठी मांग
रेती रोड से हथौड़ा चौराहा मार्ग पर लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि स्कूल की छुट्टी के समय सड़क पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं रहती हैं। इससे पहले भी इस मार्ग पर एक शिक्षिका की हादसे में मौत हो चुकी है। लोगों ने स्कूल के दोनों ओर स्पीड ब्रेकर और प्रभावी यातायात व्यवस्था की मांग की है।
-
कांवड़ यात्रा से पहले रफ्तार पर लगाम की जरूरत
स्थानीय लोगों ने बताया कि सावन के दौरान इसी मार्ग से फर्रुखाबाद के पंचालघाट से गंगाजल लेकर कांवड़िए छोटी काशी गोला के लिए गुजरते हैं। ऐसे में भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर नियंत्रण और अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम जरूरी हैं, ताकि किसी और परिवार को ऐसा दर्द न झेलना पड़े।
-
मामा ने जताई साजिश की आशंका
पोस्टमाॅर्टम हाउस पर अंश के मामा अनमोल ने आरोप लगाया कि तीन वर्ष पहले बहन सीता के पति की मौत के बाद ससुराल पक्ष उसे प्रताड़ित करता था। उनका कहना है कि बहन और अंश को घर से निकालने की बातें कही जाती थीं तथा उन्हें धमकियां भी मिली थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि बहनोई की पहली पत्नी का बेटा भी परेशान करता था। मामा ने अंश की मौत के हालात को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच और सीता को उसका अधिकार दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पुलिस को तहरीर दी जाएगी। संवाद
मेडिकल कॉलेज में स्कूल के स्टॉफ से पूछताछ करती पुलिस। संवाद
मेडिकल कॉलेज में स्कूल के स्टॉफ से पूछताछ करती पुलिस। संवाद