शाहजहांपुर में एबी रिच इंटर कॉलेज में शतरंज प्रतियोगिता में शामिल छात्र। संवाद
- फोटो : Samvad
शाहजहांपुर। माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित जिलास्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने अपनी बौद्धिक क्षमता और रणनीतिक कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के विजेताओं का चयन अब मंडल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है।
प्रतियोगिता का आयोजन एबी रिच इंटर कॉलेज में हुआ। अंडर-17 बालिका वर्ग में संजय कुमार सरस्वती कॉलेज की अदिति सक्सेना ने प्रथम, डॉ. सुदामा प्रसाद कॉलेज की सावनी वर्मा ने द्वितीय तथा स्मृति शुक्ला ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अंडर-17 बालक वर्ग में एसपी कॉलेज के राघव अग्निहोत्री विजेता रहे, जबकि तिलहर के सरस्वती विद्या इंटर कॉलेज के हेमंत गुप्ता ने द्वितीय और साधक ने तृतीय स्थान हासिल किया। देवी प्रसाद इंटर कॉलेज के ज्ञान कुमार चौथे स्थान पर रहे।
अंडर-19 वर्ग में पुवायां इंटर कॉलेज के हर्षित चौहान ने प्रथम व एसपी कॉलेज के आयुष ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के समापन पर विजेताओं को सम्मानित किया गया और मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी गईं। इससे पूर्व शुभारंभ प्रधानाचार्य मिहिर फिलिप्स ने किया। जिला खेल समिति के सचिव रामकुमार ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना के साथ प्रतिस्पर्धा करने का संदेश दिया। इस अवसर पर राहुल कुमार, सत्यपाल सिंह, रेनू यादव सहित अन्य शिक्षक एवं खेल अधिकारी उपस्थित रहे। संवाद