राजपाल का फाइल फोटो। स्रोत : परिजन
- फोटो : 1
बंडा। बिलसंडा मार्ग पर बुधवार को सुबह पिपरिया हरिश्चंद गांव के मोड़ के पास कार की टक्कर लगने से साइकिल पर सवार धरमगदापुर गांव के 55 वर्षीय राजपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार को मौके पर छोड़कर उसका चालक भाग गया। राहगीरों की सूचना पर डायल 108 एंबुलेंस से उन्हें सीएचसी पर भेजा, लेकिन वहां उपचार शुरू होने से पहले ही राजपाल की मौत हो गई।
राजपाल के पुत्र जितिन कुमार ने पुलिस को बताया कि पिता किसी काम से साइकिल से गांव पिपरिया हरिश्चंद्र जा रहे थे। इसी दौरान उनके साथ हादसा हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार कब्जे में ली। राजपाल की मौत से पत्नी रंजना देवी और पुत्र धर्मेंद्र, राहुल, सुरेंद्र और जितिन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार राय ने बताया अज्ञात कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसका सुराग लगाया जाएगा।
साइकिल से टकराकर बाइक सवार महिला और पुत्र-पुत्री घायल
कलान। एक दावत में बाइक से बदायूं जिले के हजरतपुर क्षेत्र के म्यारी गांव जाने के लिए सोमवार की शाम घर से निकलीं परौर क्षेत्र के गांव दहिलिया निवासी महेश की पत्नी सिया देवी, पुत्र वीरेश और पुत्री प्रियांशी गांव के बाहर एक साइकिल से टकराकर घायल हो गए। हादसे के बाद साइकिल मौके पर छोड़कर युवक भाग गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पीआरबी पुलिस टीम ने तीनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचाया। वहां उन्हें उपचार देकर घर भेज दिया गया। संवाद