तिलहर में शहीद कुटीर के पास टूटी हुई सड़क। संवाद
- फोटो : mathura
तिलहर। लखनऊ-दिल्ली हाईवे की सरयू पुलिया से ब्लॉक कार्यालय व नगर समेत जैतीपुर को जोड़ने वाले मार्ग पर शहीद कुटीर के पास बारिश मे जलभराव से पुलिया और सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है। सड़क पर बने गहरे गड्ढों में पानी भर जाने से वहां कई बाइक सवार और साइकिल चालक गिरकर घायल हो रहे हैं।
गड्ढे जलभराव से डूबे होने के कारण वाहन चालकों को उनकी गहराई का अहसास नहीं हो पाता। इसलिए पुलिया के पास कई ई-रिक्शा भी पलट चुके हैं। शहीद कुटीर से ब्लॉक मार्ग के तिराहे तक जलभराव से सड़क पूरी तरह जर्जर हो गई है।
जैतीपुर क्षेत्र के गांवों से आने वाले स्कूल के बच्चों को भी असुविधा हो रही है। ब्लॉक रोड निवासी ऋषि शर्मा ओर निजामगंज गौंटिया की आरती सिंह के अनुसार कई बार नगरपालिका कार्यालय में शिकायत करने पर भी कोई सुनवाई नहीं हुई।
अधिशासी अधिकारी सत्येंद्र प्रकाश ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से पुलिया के दोनों तरफ दीवार उठा दी गई है और टेंडर प्रक्रिया पूरी होने पर पुलिया समेत मार्ग का निर्माण कराया जाएगा। संवाद