शाहजहांपुर। सोमवार को 16 मिमी बारिश से वातावरण में इतनी आर्द्रता बढ़ी कि रात में ठंडी हवा चलने से न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री घटकर 19.2 डिग्री सेल्सियस हो गया। इस वजह से गर्मी के सीजन में पहली बार ज्यादातर लोगों ने पंखे चलाए बगैर सोमवार की रात चैन से गुजार दी।
मंगलवार को सूर्योदय के दो घंटे बाद बादलों की ओट से सूरज ने झांकना शुरू किया तो धूप तेज होने के साथ वातावरण में उमस के साथ गर्मी महसूस होने लगी। दिन में अधिकतम तापमान 0.8 डिग्री बढ़कर 31.8 डिग्री सेल्सियस हो गया।
गन्ना शोध परिषद के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह के अनुसार बारिश से बढ़ी हुई आर्द्रता ठंडी हवा के तौर पर रात में सुकून देगी, लेकिन वायुदाब सामान्य से 21अंक अधिक हो जाने के कारण बुधवार से तेज धूप निकलेगी। उनका कहना है कि ऐसी दशा में उमस के साथ गर्मी के प्रकोप का सामना करना पड़ेगा।
सात घंटे तक बंद रहे ककरा उपकेंद्र के सभी फीडर
शाहजहांपुर। सोमवार सुबह आई आंधी और बारिश के दौरान 33 केवी लाइन क्षतिग्रस्त हो जाने से ककरा उपकेंद्र के सभी फीडर करीब सात घंटे तक बंद रहे। उधर, पोल गिरने से बहादुरगंज उपकेंद्र का जेल रोड फीडर छह घंटे तक बंद रहा। यही नहीं, ग्रामीण इलाकों में आंधी से खराब हुईं 11 केवी की कई लाइनें मंगलवार शाम तक चालू नही हो सकीं।
ककरा कलां की 33 केवी वाली मेन इनकमिंग लाइन पर आंधी के दौरान शहबाजनगर के पास दो जगह पेड़ गिर गए। निगोही रोड पर गदियाना के पास इसी लाइन के तार आपस में टकराकर टूट गए थे। जेल रोड पर विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता कार्यालय के पास बहादुरगंज उपकेंद्र की 33 केवी लाइन का पोल क्षतिग्रस्त होकर तिरछा होने से तार टूट गए। जेल रोड का खंभा ठीक कर शाम चार बजे बिजली आपूर्ति चालू कर दी गई, लेकिन ककरा उपकेंद्र से जुड़े इलाकों को दिन भर के बाद शाम पांच बजे बिजली मिल सकी।
इस कारण ककरा कलां, ककरा खुर्द, मदराखेल, तिलहरजई, आनंदपुरम, विश्वकर्मा चौक, अलीजई (आंशिक), लोहारों का चौराहा, सिंजई (आंशिक), बीबीजई हद्दफ, मामुड़ी, ईदगाह, सुभाषनगर, प्रोफेसर कॉलोनी, बहादुरपुरा, कृष्णानगर कॉलोनी आदि प्रभावित क्षेत्रों के सैकड़ों घरों के लोगों को पेयजल संकट से जूझने के साथ इन्वर्टर डाउन होने से मोबाइल फोन चार्ज करना भी कठिन हो गया। उधर, सेहरामऊ दक्षिणी के बादशाहनगर उपकेंद्र, अटसलिया उपकेंद्र, परौर, जैतीपुर, कलान के कई फीडरों की आंधी से क्षतिग्रस्त हुईं 11 केवी लाइनें मंगलवार शाम तक चालू नहीं हो सकीं।
बिजली गिरने से पिता-पुत्री बेहोश
उखरी। तिलहर तहसील के गांव दतौनिया निवासी रामकुमार अपनी पुत्री क्रांति के साथ सोमवार को बाग में आम बीन रहे थे। आंधी-बारिश के दौरान विद्युत पोल पर तेज धमाके के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। चपेट में आकर पिता-पुत्री बेहोश हो गए। परिजन उन्हें खुदागंज पीएचसी ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने उन्हें घर भेज दिया। संवाद
पेड़ गिरने से घायल युवक की मौत
शाहजहांपुर। लखीमपुर खीरी जिले के थाना पसगवां क्षेत्र के गांव सिकतारा गांव निवासी प्रदीप 30 की राजकीय मेडिकल कॉलेज में सोमवार देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई। उनके ऊपर आंधी-पानी में पेड़ गिर गया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। मंगलवार सुबह पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। पति की मौत से विमला देवी, बेटी सुनैना का रो-रोकर बुरा हाल है। संवाद