शाहजहांपुर। एक प्रधान के पुत्र ने तहसील सदर के लेखपाल को 100 जूते मारने और कोतवाली तक घसीटने की धमकी दी है। इसका ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस सक्रिय हो गई। चौक कोतवाली इंस्पेक्टर बृजेश सिंह ने लेखपाल से संपर्क साधा है। इस मामले में पीड़ित ने कोई तहरीर नहीं दी है।
सदर तहसील में तैनात एक लेखपाल पर प्रधान का पुत्र जमीन के मामले में दबाव बना रहा था। इनकार करने के बाद नाराज प्रधान के पुत्र ने फोन पर लेखपाल को धमका दिया। उसने चेतावनी दी कि 16 तारीख को ऑफिस में घुसकर कोतवाली तक घसीटने के बाद 100 जूते मारेगा। धमकाया कि छुट्टी लेकर भाग नहीं जाना, अन्यथा कानपुर तक नहीं छोड़ेंगे। इस बीच बार-बार लेखपाल शब्दों में मर्यादा रखने की बात कह रहे हैं। प्रधान के पुत्र की धमकी से लेखपाल काफी दहशत में है। उसने पूरे मामले की जानकारी एसडीएम को दी है।
-प्रधान के पुत्र द्वारा तहसील सदर के लेखपाल को धमकाने का ऑडियो वायरल हो रहा है। इस मामले में अभी कोई तहरीर नहीं आई। शिकायती पत्र मिलने के बाद संबंधित पर कार्रवाई की जाएगी। -सरवणन टी, सीओ सिटी।