केंद्रीय मंत्री के आवास पर कार्यकर्ताओं ने चुनावी तैयारी का मंथन किया
सोमवार को केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णा राज के आवास पर भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक में विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर मंथन हुआ। तय हुआ कि बूथ स्तर पर जनता के बीच जाकर केंद्र सरकार की जनोपयोगी योजनाओं की जानकारी देते हुए मोदी सरकार की उपलब्धियों का प्रचार किया जाएगा। यूपी में सपा सरकार केंद्र की इन योजनाओं को ठीक से लागू ही नहीं कर रही जिससे बड़ी संख्या में आमजन उन योजनाओं का लाभ पाने से वंचित रह जा रहे हैं।
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व जिलाध्यक्ष सत्यभान सिंह भदौरिया ने सूबे में विकास के लिए एक स्वच्छ छवि की सरकार बनानी पड़ेगी जो केवल भाजपा ही दे सकती है। पूर्व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष बाबू राम गुप्ता ने कहा कि अपनी सरकार बनाने के लिए सभी कार्यकर्ता जी जान से जुट जाएं। केंद्रीय राज्य मंत्री के प्रतिनिधि सत्यपाल सिंह चौहान ने कहा कि केंद्र ने गरीब, किसान, बेरोजगार, मजदूर सबके लिए कई लोक कल्याणकारी योजनाएं चालू कीं लेकिन वे यूपी में सही से क्रियान्वित ही नहीं हो पाईं। केंद्रीय राज्य मंत्री के मीडिया प्रभारी राम बरन सिंह ने कहा कि जनपद में जिन-जिन बैंकों में प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के अंतर्गत दलालों के माध्यम से लोन हुए उनकी उच्च स्तरीय जांच कराई जाएगी। इसके लिए संबंधितों से लिखित शिकायत ली जा रही है। बैठक में पंकेश मिश्र, रामनिवास दीक्षित, मुनीश्वर सिेह (प्रधान), नीरज बाजपेयी, रवि दीक्षित, राजेश गुप्ता, डॉ. अमित नमिता, पंकज गुप्ता, अरूणेश शुक्ला, संदीप गुप्ता, अजय गुप्ता, अवधेश प्रताप सिंह आदि मौजूद थे।