जलालाबाद। बार संघ के चुनाव में एक वोट से हारे महासचिव पद के प्रत्याशी अनंगपाल सिंह द्वारा मतगणना प्रक्रिया को लेकर की गई शिकायत की सुनवाई के लिए शुक्रवार को वरिष्ठ अधिवक्ता परिषद की बैठक हुई। हालांकि,बैठक में गहन विचार विमर्श के बाद शिकायत को निराधार मानते हुए खारिज कर दिया गया।
चुनाव अधिकारी विनोद चंद्र शर्मा ने बताया कि अनंग पाल सिंह की शिकायत को लेकर चुनाव प्रक्रिया को संचालित करने वाली वरिष्ठ अधिवक्ता परिषद की बैठक में देर तक विभिन्न बिंदुओं पर विचार विमर्श हुआ। बाद में शिकायत को निरस्त करने योग्य पाया गया। शिकायत खारिज होने के बाद अमित सिंह के फिलहाल महासचिव पद पर बने रहने का रास्ता साफ हो गया है, लेकिन शिकायतकर्ता अनंग पाल सिंह भी शांत बैठने के मूड में नहीं हैं।
उन्होंने बताया कि वह अधिवक्ता परिषद के इस निर्णय के खिलाफ बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश में जाकर अपनी बात रखेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदान के दौरान कुछ लोगों ने मतपत्र पर मुहर का प्रयोग किया जबकि कुछ मतपत्रों में मुहर नहीं लगाए जाने पर भी उन्हें निरस्त करने के बजाय सही मान लिया गया।
गत 14 जनवरी को हुए बार के चुनाव में महासचिव पद पर जीते प्रत्याशी अमित सिंह परमार को 96 और दूसरे स्थान पर रहे अनंगपाल सिंह को 95 मत मिले थे। अनंगपाल ने मतगणना मे गड़बड़ी होने का आरोप लगाते हुए वरिष्ठ अधिवक्ता परिषद से दोबारा मतगणना कराने की मांग की थी।