शाहजहांपुर। मिर्जापुर थाना क्षेत्र में सोनम किन्नर व राहुल पर फायरिंग करने के आरोपी राघवेंद्र को रिमांड पर लेकर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त असलाह बरामद कर लिया। राघवेंद्र ने ही शूटरों को बुलाकर गाड़ी से पीछा किया था।
सीओ जलालाबाद दीपक सिंह ने बताया कि 24 जुलाई की रात किन्नरों के दो गुटों में वर्चस्व की लड़ाई को लेकर तमंचे से फायरिंग में सोनम किन्नर व राहुल गंभीर घायल हो गए थे। पुलिस ने बदायूं जिले के थाना हजरतपुर निवासी चांदनी, राघवेंद्र, आसिफ, सुमित व अमित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी।
विवेचना के दौरान आरोपी राघवेंद्र ने बदायूं के न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। कोर्ट से स्वीकृत पुलिस अभिरक्षा रिमांड के आदेश पर आरोपी जिला कारागार शाहजहांपुर से पुलिस निगरानी में लाकर घटना में प्रयुक्त अवैध शस्त्र एवं कारतूस की बरामदगी की गई। आरोपी की निशानदेही पर कलान रोड स्थित पिंडरा मोड़ पुलिया के पास से झाड़ियों से तमंचा व दो कारतूस बरामद किए गए।
राघवेंद्र ने पुलिस को बताया कि किन्नरों के बीच पूर्व से चला आ रहा विवाद बढ़ गया था। तभी चांदनी किन्नर ने सोनम को जान से मारने की योजना बनाई थी। उसने योजना के बारे में राघवेंद्र समेत अन्य साथियों को जानकारी दी थी। संवाद