शाहजहांपुर। बरेली मोड़ चौराहे पर एक बस में बैठीं दो किशोरियां रोने लगीं। उन्होंने पिता पर दिल्ली ले जाकर बेच देने का आरोप लगाया। सूचना पर पुलिस सभी को अजीजगंज चौकी ले आई। बाद में मां को बुलवाकर बच्चियों को सुपुर्दगी में दे दिया गया।
जनपद सीतापुर निवासी एक व्यक्ति दिल्ली में रहकर दुकान संचालित करते हैं। रविवार को वह अपनी दो नाबालिग बेटियों को लेकर दिल्ली जा रहे थे। तभी रास्ते में दोनों ने रोना शुरू कर दिया और पिता पर दिल्ली ले जाकर बेचने का आरोप लगाने लगीं। यह देख अन्य यात्रियों ने बरेली मोड़ चौराहे पर बस रुकवाकर पुलिस बुला ली।
सूचना पर अजीजगंज चौकी प्रभारी इतेश तोमर मौके पर आ गए और तीनों को अजीजगंज चौकी ले आए। यहां दोनों किशोरियों से अलग-अलग पूछताछ की गई। बाद में किशोरियों की मां को सीतापुर से बुलवाकर दोनों को उनकी सुपुर्दगी में दे दिया गया। पुलिस के अनुसार, सीतापुर निवासी व्यक्ति की दिल्ली में दुकान है। वह वहां पर अकेला रहता था। खाना बनाने व अन्य घरेलू कार्य के लिए दोनों बेटियों को साथ ले जा रहा था। बेचने के लिए ले जाने का आरोप निराधार है।