खुटार। चुनाव प्रचार करने के दौरान एक व्यक्ति ने एक प्रत्याशी का पंफलेट फाड़ दिया और गाली गलौज की। पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। देर शाम आरोपी को बिना कार्रवाई के छोड़ दिया है।
मंगलवार को एक पार्टी के कार्यकर्ता खुटार के तिकुनियां चौराहे पर प्रत्याशी के समर्थन में वोट मांग रहे थे। इस दौरान एक ढाबे पर प्रत्याशी के नाम और चुनाव चिन्ह वाला पर्चा देने पर ढाबे पर शराब पी रहे एक व्यक्ति ने पर्चे को फाड़ दिया और कार्यकर्ताओं से गाली गलौज शुरू कर दी। कुछ लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और ढाबे के अंदर ले गए। कार्यकर्ता आगे बढ़े तो आरोपी पीछे से आ गया और गाली गलौज करने लगा। इस पर कार्यकर्ताओं ने पुलिस को बुला लिया। पुलिस आरोपी सहित तीन लोगों को पकड़कर थाने ले गई। जानकारी पाकर दूसरे राजनैतिक दल के कुछ लोग थाने पहुंचे और पकड़े गए लोगों को छोड़ने की मांग करने लगे। पुलिस के पूरा मामला बताने पर लोग थाने से चले गए। देर शाम पुलिस ने सभी को बिना कार्रवाई के ही छोड़ दिया है। थाना प्रभारी धनंजय सिंह ने बताया कि एक व्यक्ति ने शराब के नशे में एक पार्टी के कार्यकर्ताओं से गाली गलौज की थी। उसे थाने लाया गया था। किसी के तहरीर नहीं देने पर आरोपी को छोड़ दिया गया है।