मदरसा आधुनिकीकरण एवं टीचर्स एसोसिएशन मदारिस अरबिया के संयुक्त तत्वावधान में एक दिनी धरना प्रदर्शन कर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।
राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में हुए धरना प्रदर्शन के दौरान आधुनिकीकरण शिक्षक संघ के जहूर अहमद ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश की सरकारें शिक्षकों का उत्पीड़न कर रहीं हैं। प्रदेश सरकार उनके सब्र की परीक्षा न ले। मदरसों में गरीब तबके के बच्चे पढ़ते हैं। उनको यूनिफार्म न दिया जाना अन्याय है। टीचर्स एसोसिएशन मदारिस अरबिया के अध्यक्ष इकबाल हसन ने कहा कि मदरसा छात्रों के साथ भेदभाव किया जा रहा है। सिटी मजिस्ट्रेट को दिए गए ज्ञापन में मांग की गई कि 2017-18 का राज्यांश मानदेय अल्पसंख्यक कल्याण विभाग तत्काल जारी करे जिससे मदरसा शिक्षकों को राहत मिले। इसके साथ ही मदरसा शिक्षकों ने लंबित मानदेय भी दिलाने की मांग की है। इस दौरान रियाज हुसैन, रणधीर सिंह, सरताज अहमद, सरताज अत्तारी, तैयब, मोबीन, नुजहत खातून, शाजिया, शगुफ्ता, यूनुस, फिरदौस, फराह, जुनैद खां, इजहार हसन नौशाद, रेहान आदि मौजूद रहे।