शाहजहांपुर। नवोदय स्कूल में शुक्रवार को कक्षा आठ और 11 के छात्रों के बीच कोहनी लगने को लेकर विवाद हो गया। विवाद के बाद कक्षा आठ के छात्र ने शिक्षक पर पिटाई करने का आरोप लगा है। शिकायत मिलने पर शनिवार को एडीएम प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र स्कूल पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
विवाद के बाद कक्षा आठ का छात्र साथियों के साथ एक शिक्षक के पास शिकायत लेकर पहुंचा था। आरोप है कि शिक्षक ने कक्षा 11 के छात्र से कुछ नहीं कहा और कक्षा आठ के छात्र की पिटाई कर दी। छात्र ने फोन से परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने एडीएम प्रशासन से शिकायत की।
एडीएम ने आरोप-प्रत्यारोप को देखते हुए एसडीएम सदर अतुल कुमार सिंह, डीआईओएस हरिवंश कुमार और सीओ सदर शुभम वर्मा की तीन सदस्यीय कमेटी गठित कर जांच के निर्देश दिए हैं। सीओ ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। एडीएम प्रशासन ने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।