फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तनवीर, शरदवीर, मानवेंद्र समेत 16 ने कराए नामांकन

Wed, 25 Jan 2017 11:42 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो शाहजहांपुर।
विज्ञापन
विधानसभा चुनाव - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विधानसभा चुनाव के लिए शहर सीट से सपा प्रत्याशी तनवीर खां और ददरौल से भाजपा उम्मीदवार मानवेंद्र सिंह समेत 16 प्रत्याशियों ने बुधवार को नामांकन कराया। उम्मीदवारी के पर्चे दाखिल करने वाले अन्य प्रमुख लोगों में पूर्व विधायक एवं जलालाबाद सीट से सपा प्रत्याशी शरदवीर सिंह और शहर सीट से भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के मनीष चंद्र प्रमुख रहे। सिने अभिनेता राजपाल यादव ने सर्व समभाव पार्टी की ओर से अपने भाई राजेश सिंह यादव का तिलहर और महेंद्र कठेरिया का पुवायां सीट से पर्चा जमा कराया। 
विज्ञापन

प्रत्याशियों के नामांकन के मद्देनजर कलक्ट्रेट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था बुधवार को सुबह से काफी चाक चौबंद रखी गई। मेन गेट और मुख्य भवन के पोर्टिको तक सुरक्षा की कमान सीओ स्तर के अफसरों ने संभाली। सबसे पहले पुवायां सीट से मानव क्रांति पार्टी के नत्थूराम ने निर्दलीय की हैसियत से दस प्रस्तावकों के साथ आरओ के समक्ष पेश होकर अपना पर्चा जमा कराया। बाद में पांच-छह अन्य निर्दलीयों ने उम्मीदवारी के पर्चे दाखिल किए। कलक्ट्रेट में गहमागहमी उस वक्त बढ़ी, जब जलालाबाद सीट से पूर्व विधायक एवं सपा प्रत्याशी शरदवीर सिंह नामांकन को पहुंचे। 
शरदवीर सिंह द्वारा नाम निर्देशन पत्र जमा कराते वक्त कृष्णकांत दीक्षित, डॉ. मशकूर हसन खां और ब्लॉक प्रमुख गोपाल कृष्ण वर्मा उनके प्रस्तावक के रूप में मौजूद रहे। शहर से सपा प्रत्याशी तनवीर खां ने आरओ/सिटी मजिस्ट्रेट को नामांकन पत्रों के तीन सेट प्रस्तुत किए। प्रस्तावक के तौर पर रोजा नगर पंचायत के चेयरमैन अजय गुप्ता, इम्तियाज अली खां और अतुल दीक्षित उपस्थित रहे। इसी कड़ी में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की ओर से मनीष चंद्र ने भी प्रस्तावक भाकपा नेता सुरेश कुमार की उपस्थिति में शहर सीट से नामांकन कराया।
विज्ञापन

ददरौल से भाजपा प्रत्याशी मानवेंद्र सिंह के नामांकन को लेकर भी भाजपाइयों में खासा क्रेज दिखा। दोपहर 2.30 बजे के बाद मानवेंद्र अपने प्रस्तावकों पूर्व ब्लॉक प्रमुख एवं जिला पंचायत सदस्य नरवीर सिंह, भाजपा नेता श्याम बाबू दीक्षित और सोबरन यादव के साथ कलक्ट्रेट पहुंचे। इस मौके पर भाजपा के जिलाध्यक्ष राकेश मिश्र, अजय मिश्रा आदि मौजूद रहे।  


प्रत्याशियों का नामांकन कराने पहुंचे अभिनेता राजपाल
सर्व समभाव पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष एवं सिने अभिनेता राजपाल यादव ने भी बुधवार को अपने भाई समेत पार्टी के तीन प्रत्याशियों के साथ कलक्ट्रेट जाकर उनका नामांकन कराया। अभिनेता राजपाल के भाई राजेश यादव ने तिलहर सीट से, महेंद्र कठेरिया ने पुवायां सीट से और शहर सीट से राजीव सक्सेना ने नाम निर्देशन पत्र जमा किए। 
 
सुभाष सेना ने तीन प्रत्याशी उतारे 
क्षेत्रीय संगठन भारतीय सुभाष सेना के लाल टोपी लगाए कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे तीन उम्मीदवारों ने विभिन्न सीटों से निर्दलीय की हैसियत से पर्चे जमा कराए। तिलहर सीट से हरिश्चंद्र, कटरा से वेदराम और जलालाबाद से राम प्रकाश ने नामांकन कराया। 


अर्थी पर लेटकर नामांकन को पहुंचे किशनलाल
पिछले कई चुनावों में अपने लटकों-झटकों से अलग पहचान बना चुके मोहल्ला हुंडालखेल के रहने वाले किशन लाल एनाउंसर उर्फ वैद्यराज समर्थकों के कंधे पर रखी अर्थी पर लेटकर नामांकन कराने पहुंचे। यह अलग बात रही कि उनका स्वांग सुदामा चौराहे के पास बने बैरियर पर तैनात पुलिस अधिकारियों को रास नहीं आया। पुलिस के टोकने पर किशन लाल अर्थी छोड़कर प्रस्तावकों के साथ कलक्ट्रेट में दाखिल हुए।  

 
व्हीलचेयर से नामांकन को पहुंचे सुशांत
शहर सीट से नैतिक पार्टी की ओर से नामांकन कराने के लिए कटिया टोला के दिव्यांग सुशांत बाथम व्हील चेयर से कलक्ट्रेट के उत्तरी गेट पहुंचे क्योंकि दक्षिणी गेट बैरीकेडिंग से घिरा था। प्रत्याशी ने जैसे ही मकसद बताया, पुलिस कर्मियों ने उन्हें तत्काल आरओ कक्ष तक पहुंचाया। इस मौके पर पार्टी जिलाध्यक्ष रामकृष्ण दीक्षित, नरेंद्र राजपूत, विजय सिंह यादव, संजीव रंजन, दीपक जायसवाल आदि उनके साथ रहे। 
 
रागिनी और राजीव ने दोबारा जमा किए पर्चे
तिलहर सीट से निर्दलीय के तौर पर नामांकन करा चुकीं भाजपा से निष्कासित डॉ. रागिनी सिंह ने बुधवार को प्रस्तावकों के साथ दोबारा आरओ के समक्ष उपस्थित होकर नाम निर्देशन पत्र का दूसरा सेट जमा किया। इसी तरह राजपाल की सर्व समभाव पार्टी की ओर से राजीव सक्सेना ने शहर सीट के लिए दूसरा पर्चा जमा किया। राजीव के अनुसार पार्टी का सिंबल टायर बाद में मिलने के कारण दोबारा नामांकन कराना पड़ा। अन्य निर्दलीय प्रत्याशियों में तिलहर से सत्यपाल, कटरा से संजीव मिश्रा और पुवायां सीट से चंद्रकला व मुकेश कुमार ने नामांकन कराया।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें