रेलवे स्टेशन पर चेकिंग करते जीआरपी के जवान। स्रोत: रेलवे पुलिस
शाहजहांपुर। दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को लेकर रेलवे पुलिस सतर्क रही। शुक्रवार शाम रेलवे स्टेशन पर अभियान चलाकर युवाओं के समूहों की तलाश की गई। इस दौरान अप लाइन पर आने-जाने वाली ट्रेनों पर नजर रखी गई। खासकर दिल्ली रूट की ट्रेनों की निगरानी की गई।
रेलवे पुलिस और आरपीएफ ने प्लेटफार्म और स्टेशन परिसर में युवाओं के समूहों को तलाशा। धरना-प्रदर्शन में शामिल होने के लिए युवाओं के दिल्ली जाने की आशंका के मद्देनजर यह अभियान चलाया गया। रेलवे प्लेटफॉर्म, वेटिंग एरिया आदि को देखा। आरपीएफ के कंपनी कमांडर जितेंद्र कुमार ने बताया कि रेलवे स्टेशन की निगरानी की जा रही है। संवाद
प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के चलते दो ट्रेनें निरस्त
शाहजहांपुर। शनिवार को दिल्ली में प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को देखते हुए मुरादाबाद मंडल ने कई ट्रेनों के संचालन को निरस्त किया गया है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम) महेश यादव ने बताया कि 12230 लखनऊ मेल शनिवार को निरस्त रहेगी।
इसके अलावा 12430 नई दिल्ली-लखनऊ एक्सप्रेस का संचालन भी शनिवार को रद्द किया गया है। यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन के संचालन की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की गई है। संवाद