शाहजहांपुर में सोमवार को निकली धूप का आनंद लेते फुटपथ पर रहने वाले लोग । संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। दो दिन से छाई बादलों की धुंध बीती शाम चली पुरवाई से छटी सोमवार को सुबह सूर्योदय होने के एक घंटे बाद तेज धूप निकल आई। इससे सर्दी और ठिठुरन में कमी आई तो जनजीवन भी दोपहर तक सामान्य हो गया, लेकिन सूरज के अस्ताचल की ओर बढ़ने के साथ ही वातावरण में आर्द्रता के साथ शीतलता का अहसास होने लगा। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार शाम को वायुदाब में एकाएक आई गिरावट को देखते मंगलवार को सुबह से बादल छाए रहने और बूंदाबांदी होने का अनुमान है।
आसमान शाम से ही चौतरफा धुंध से लिपटा था। इस वजह से रात मेें न्यूनतम तापमान लगातार चौथे दिन 0.9 डिग्री बढ़कर आठ डिग्री सेल्सियस हो गया। अधिकतम तापमान लगातार दूसरे दिन 0.5 डिग्री घटकर 22.9 डिग्री सेल्सियस हो गया। कोहरा के कारण रात में आर्द्रता भी 52 से बढ़कर 87 प्रतिशत हो गई। इसलिए सूर्योदय के बाद तक ठंड पूरे शबाब पर रही, लेकिन बाद में जैसे-जैसे सूर्य किरणें प्रखर हुईं, लोग सामान्य दिनचर्या में व्यस्त होने लगे।
धूप से सबसे ज्यादा राहत गरीब तबके के उन लोगों को मिली जो फुटपाथों पर सर्दीली रातें अलाव के सहारे जागकर बिताने को मजबूर हैं। कई रिक्शेवाले दिन में सवारियां ढोने के बजाय धूप में रिक्शा खड़ा कर ऊंघते दिखे। बाजारों में भी दिन भर चहल-पहल बनी रही और खरीदारी को इतने ज्यादा लोग उमड़े कि दोपहर को बहादुरगंज से पंखी चौराहा तक और घंटाघर से अंबा सिनेमा मोड़ तक कई बार जाम लगने की नौबत आ गई।
दो दिवसीय अवकाश के बाद सप्ताह का पहला कार्य दिवस होने के कारण कलक्ट्रेट और विकास भवन के कार्यालयों में भी लोगों का आवागमन अधिक रहा। खास यह रहा कि दिन भर तेज धूप पसरी रहने के बावजूद अधिकतम तापमान लगातार दूसरे दिन 0.5 डिग्री घटकर 22.9 डिग्री सेल्सियस हो गया।
गन्ना शोध परिषद के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह हवा में घुली सामान्य से अधिक नमी इसका प्रमुख कारण मानते हैं। उनका कहना है कि आर्द्रता की अधिकता होने से नम हवा तापमान में कमी ला रही है। उन्होंने बताया कि शाम को बैरोमीटर सूचकांक सामान्य से आठ अंक नीचे चला गया है। इससे मंगलवार को सुबह से बादल छाए रहेंगे और दिन में मामूली बूंदाबांदी हो सकती है।