पोस्टमार्टम हाउस पर खड़े मृतका नीरजा के परिजन । संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। सोमवार देर शाम कमरे के अंदर दुपट्टे से फंदा बनाकर टीन से लटककर किशोरी ने जान दे दी। खिड़की तोड़कर परिजन ने शव को फंदे से उतारकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना परौर क्षेत्र के गांव दहेलिया निवासी नत्थू सिंह की बेटी नीरजा कुमारी (16) सोमवार की शाम करीब सात बजे कमरे के अंदर दुपट्टे से फंदा बनाकर टीन में लगी धन्नी से लटककर जान दे दी। कमरे के बाहर सो रहे पिता ने कमरे का दरवाजा खोलने की कोशिश की तो दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की से झांककर देखा तो नीरजा का शव फंदे से लटका हुआ था। जिसके बाद पिता व अन्य परिजन ने कमरे की खिड़की तोड़कर अंदर जाकर शव को फंदे से नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
परिजन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ की, लेकिन परिजन ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। नीरजा के दो भाई धमेंद्र और ओवेंद्र करीब दो महीने पहले दिल्ली चले गए थे। जहां मेहनत मजदूरी करते हैं। मां की पहले ही मौत हो चुकी है। परिजन आत्महत्या करने का कारण नहीं बता पा रहे हैं।
खेत में पेड़ पर रस्सी से लटकी मिली युवक की लाश
शाहजहांपुर। थाना कांट क्षेत्र के गांव मजरा रतहरा पड़ैंचा निवासी अच्छेराम का बेटा पवन कुमार (18) की गांव में आटा चक्की है। सोमवार की सुबह करीब नौ बजे पवन चक्की पर गया था। इसके बाद दोपहर एक बजे वह चक्की से कहीं चला गया। रात करीब आठ बजे ग्रामीणों ने गांव के खेत में एक पेड़ पर रस्सी के फंदे से लटकते पवन का शव देखा। ग्रामीणों ने पवन के परिवार को सूचना दी। पवन की मौत की खबर से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पवन तीन भाइयों में सबसे छोटा था। परिजन ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। संवाद