शाहजहांपुर। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) में सफलता हासिल करने वाले जिले के कई छात्र-छात्राओं का अब लक्ष्य एमबीबीएस में प्रवेश लेकर डॉक्टर बनने का है। परिणाम घोषित होने के बाद सफल अभ्यर्थियों और उनके परिवारों में खुशी का माहौल है। उत्तीर्ण विद्यार्थियों के घराें पर जश्न का माहौल है। संवाद
पहले ही प्रयास में नीट पास
पुवायां के कैंब्रिज कांवेंट स्कूल के मालिक विनायक अग्रवाल की बेटी पावनी अग्रवाल ने पहले ही प्रयास में नीट-यूजी परीक्षा उत्तीर्ण कर सफलता हासिल की है। उन्होंने 414 अंक प्राप्त करते हुए ऑल इंडिया रैंक 72 हजार हासिल की। अब उनका लक्ष्य एमबीबीएस में प्रवेश लेकर डॉक्टर बनना है।
पावनी ने इसी वर्ष इंटरमीडिएट की पढ़ाई उत्तीर्ण की है। इसी के साथ ही नीट की तैयारी की। नियमित कक्षाओं के साथ विषय आधारित आधारित पढ़ाई और लगातार रिवीजन पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने बताया कि परीक्षा की तैयारी के दौरान सोशल मीडिया से पूरी तरह दूरी बना ली थी। परीक्षाओं के समय फेसबुक समेत अन्य सोशल मीडिया अकाउंट का इस्तेमाल बंद कर दिया। पावनी की मां हर्षी अग्रवाल और भाई पर्व अग्रवाल ने भी उनका उत्साह बढ़ाया। संवाद
कीपैड वाला फोन रखते हैं आरव, पाईं 5604वीं रैंक
मीरानपुर कटरा की रामनगर कॉलोनी निवासी आरव पाठक ने नीट-यूजी परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 5604 हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। उन्हें दूसरे प्रयास में सफलता मिली है। आरव ने इंटरमीडिएट वर्ष 2024 में उत्तीर्ण किया था। नीट के पहले प्रयास में ओएमआर शीट में हुई गलती के कारण अपेक्षित सफलता नहीं मिल सकी थी। उसके बाद राजस्थान के सीकर स्थित कोचिंग संस्थान में रहकर कोचिंग ली। वह सोशल मीडिया का उपयोग नहीं करते हैं। वह केवल कीपैड फोन का ही उपयोग करते हैं। आरव के पिता देवदत्त पाठक व मां कल्पना श्रीवास्तव बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। इकलौते बेटे आरव ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और नियमित अनुशासित अध्ययन को दिया। उनका लक्ष्य एमबीबीएस कर चिकित्सक बनना है।
पहले प्रयास में अनुकूल ने पास की नीट परीक्षा
शाहजहांपुर। शहर के कटिया टोला निवासी अनुकूल गुप्ता ने पहले ही प्रयास में नीट-यूजी परीक्षा उत्तीर्ण कर सफलता हासिल की है। अनुकूल भाजपा महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता और आशीष गुप्ता के पुत्र हैं। उन्होंने वर्ष 2026 में कर्नल अकादमी से इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की। इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद उन्होंने लखनऊ में रहकर नीट की तैयारी की थी। अनुकूल ने बताया कि परीक्षा से पहले नियमित अध्ययन, विषयों की गहन तैयारी और लगातार अभ्यास पर पूरा ध्यान दिया। अपनी दिनचर्या को परीक्षा के अनुरूप रखा और लक्ष्य पर पूरी तरह केंद्रित रहे। इसी अनुशासन और मेहनत के बल पर उन्हें पहले ही प्रयास में सफलता मिली।
अपने माता-पिता के साथ पावनी। स्रोत: स्वयं
अपने माता-पिता के साथ पावनी। स्रोत: स्वयं