शाहजहांपुर। यूपी बोर्ड की लिखित परीक्षाओं के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से तिथियों की घोषणा कर दी गई है। 24 मार्च से दोनों ही कक्षाओं के छात्र-छात्राओं की परीक्षा होगी। लेकिन, प्रयोगात्मक परीक्षाएं कब होगी, इसकी अभी कोई घोषणा नहीं हुई है। कोरोना संक्रमण के चलते छात्र-छात्राओं की ऑनलाइन कक्षाएं संचालित हुई थीं। विद्यार्थी सालभर लैब से दूर रहे तो अब प्रयोगात्मक परीक्षा कैसे देंगे। इसको लेकर विद्यार्थी असमंजस में हैं। उनका कहना है कि कोरोना संक्रमण के कारण अधिकांश समय विद्यालय बंद रहे हैं। इस वजह से विद्यालयों की प्रयोगशाला में प्रेक्टिकल नहीं हुए। इससे बोर्ड की प्रयोगात्मक परीक्षा के दौरान परेशानी होगी।
कोरोना काल में विद्यालय बंद होने पर ऑनलाइन पढ़ाई कराई गई थी। अगस्त में विद्यालय खुले थे, लेकिन लैब में पहुंचकर प्रेक्टिकल करने का मौका अधिक नहीं मिला है। फिर भी बोर्ड परीक्षाओं को लेकर तैयारी पूरी है, भय नहीं है। - शशांक मिश्रा, छात्र, इंटरमीडिएट
प्रयोगात्मक परीक्षा की तिथि घोषित होने के बाद छात्र-छात्राओं को लैब में कुछ दिन प्रेक्टिकल कराना चाहिए। ताकि बोर्ड की प्रयोगात्मक परीक्षा के दौरान परेशानी न हो। जबकि लिखित परीक्षाओं के लिए सभी की तैयारी है। - मो. आकिब, छात्र, इंटरमीडिएट
बोर्ड परीक्षा की तिथि घोषित हो गई हैं, लेकिन प्रयोगात्मक परीक्षाओं की तारीखें नहीं आई हैं। ऐसे में समझ नहीं आ रहा किसकी तैयारी और कैसे की जाए। कोरोना संक्रमण के चलते स्कूल कम ही खुले, ऑनलाइन पढ़ाई की है। - सुमित कुमार, छात्र, इंटरमीडिएट
बोर्ड परीक्षा की तारीख एकदम से घोषित हो गई। यह हैरत की बात है। अभी प्री-बोर्ड की परीक्षा खत्म हुईं और अब बोर्ड की शुरू हो जाएंगी। प्रेक्टिकल कब से होंगे इसको लेकर कोई घोषणा नहीं हुई है, कुछ समझ नहीं आ रहा। - जीशान वारसी, छात्र, हाईस्कूल
इस बार मैं हाईस्कूल की बोर्ड परीक्षा में बैठूंगा। इसकी स्कीम जारी हो गई है। परीक्षा को लेकर कोई डर नहीं है, क्योंकि हमारा कोर्स पूरा हो गया है और रिवीजन कर रहे हैं। प्रयोगात्मक परीक्षाओं को लेकर असमंजस बना है। - आयुष अरोरा, छात्र, हाईस्कूल
अभी हमने प्री-बोर्ड की परीक्षाएं दी हैं। अब बोर्ड परीक्षाओं के लिए स्कीम जारी हो गई है। इसके बाद पढ़ाई को लेकर गंभीर हो गया हूं। प्रयोगात्मक परीक्षाओं की तिथियां भी घोषित कर दी जातीं, तो ज्यादा अच्छा रहता। - अंशू, छात्र, हाईस्कूल
कोरोना काल में विद्यालय बंद रहने पर प्रेक्टिकल नहीं हुए। अगस्त से विद्यालय खुलने पर लैब में प्रेक्टिकल करवाए जा रहे हैं। कोशिश यही रहेगी कि बोर्ड की प्रयोगात्मक परीक्षाओं के दौरान विद्यार्थियाें को कोई परेशानी न हो। वैसे अभी प्रयोगात्मक परीक्षाओं की तिथि भी घोषित नहीं हुई है।- शोएब, केमिस्ट्री टीचर, इस्लामियां इंटर कॉलेज
हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं तिथियां घोषित कर दी गई हैं। इसके बाद परीक्षाओं को नकलविहीन व शुचितापूर्ण तरीके से संपन्न कराने की तैयारी है। अभी प्रयोगात्मक परीक्षाओं को लेकर तिथियां जारी नहीं हुई हैं। लिखित परीक्षा संपन्न होने के बाद प्रयोगात्मक परीक्षा होने की संभावना है। - शौकीन सिंह यादव, डीआईओएस
मो. आकिब, छात्र, इंटरमीडिएट- फोटो : SHAHJAHANPUR
सुमित कुमार, छात्र, इंटरमीडिएट- फोटो : SHAHJAHANPUR
जीशान वारसी, छात्र, हाईस्कूल- फोटो : SHAHJAHANPUR
आयुष अरोरा, छात्र, हाईस्कूल- फोटो : SHAHJAHANPUR
शशांक मिश्रा, छात्र, इंटरमीडिएट- फोटो : SHAHJAHANPUR