शाहजहांपुर। निगोही के एक गांव में युवकों की हरकतों से तंग आकर फंदे से लटककर जान देने वाली 25 वर्षीय छात्रा का सोमवार की शाम को अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी, लेकिन उनका सुराग नहीं लगा है।
एक महाविद्यालय की छात्रा ने रविवार को तड़के कमरे में फंदे से लटककर जान दे दी थी। मृतका की मां ने पड़ोस के दो युवकों पर कॉल करने और छेड़खानी करने का आरोप लगाया था। बताया था कि अंजान नंबर से वीडियो कॉल कर परेशान करते थे। बेटी का फोटो पंजाब में काम करने गए बेटे के पास भेज दिया था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद मृतका का शव गांव पहुंचा तो कोहराम मच गया।
पुलिस की मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। मृतका के दो भाई गांव आ गए, जबकि तीसरा भाई अभी नहीं आया। उसी के पास आरोपियों ने फोटो भेजे थे। दूसरी ओर पुलिस ने आरोपियों के घर में दबिश दी है। सीओ सदर प्रयांक जैन ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।