शाहजहांपुर। समय से वेतन भुगतान और लाइनों पर काम के लिए सुरक्षा उपकरण आदि दिए जाने की मांग को लेकर विद्युत निगम के संविदा कर्मचारियों की मंगलवार को प्रस्तावित एक दिवसीय हड़ताल से बिजली आपूर्ति पर संकट के बादल छा गए हैं। हालांकि विभागीय अभियंताओं का कहना है कि निगम के तकनीकी संवर्ग के कर्मचारी बिजली आपूर्ति सामान्य बनाए रखेंगे और इसके लिए उन्हें विस्तृत दिशा निर्देश दिए हैं।
जिले में संविदा श्रेणी के लगभग 600 से अधिक कर्मचारी 132 केवी और 33 केवी के उपकेंद्रों पर विभिन्न जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। विद्युत निगम में मीटर रीडर, लाइनमैन, पेट्रोलमैन, स्केल्ड कुली आदि संवर्गों के तमाम पद रिक्त होने से संविदा श्रेणी के करीब 250 कर्मचारी मीटर रीडर और शेष संविदा कर्मचारी एसएसओ (सब स्टेशन ऑपरेटर), लाइनमैन, पेट्रोलमैन के रूप में बिजली लाइनों के अनुरक्षण से लेकर उपकेंद्रों के संचालन आदि कार्य कर रहे हैं।
अपनी मांगो को लेकर वह कई बार ज्ञापन भी दे चुके हैं। अधीक्षण अभियंता रामनरेश सरोज के निर्देश पर सभी विद्युत वितरण खंडों के अधिशासी अभियंताओं ने संबंधित उपखंड अभियंताओं, अवर अभियंताओं और टीजी-2 संवर्ग के तकनीकी कर्मचारियों को बिजली आपूर्ति सामान्य बनाए रखने के लिए निरंतर क्षेत्र भ्रमण पर रहने के निर्देश दिए हैं।
सभी संविदा कर्मचारी हड़ताल पर नहीं रहेंगे, फिर भी उनकी प्रस्तावित हड़ताल को देखते वितरण खंड में टेक्निकल ग्रेड (टीजी-2) संवर्ग के सभी कर्मचारियों को ऑपरेशनल मोड में रहने के लिए कहा गया है।
-प्रशांत गुप्ता, अधिशासी अभियंता (शहर), विद्युत निगम
नियोक्ता कंपनी से हुए करार का पालन नहीं होने पर संविदा कर्मचारियों की निगम के अधिकारी भी कोई सुनवाई नहीं कर रहे जबकि विभाग का अधिकांश कार्य संविदा कर्मचारी कर रहे हैं। हड़ताल लंबी खिंचने पर जन सामान्य को परेशानी हो सकती है, क्योंकि संविदा कर्मचारियों की तुलना में विभागीय कर्मचारी तीन गुना कम हैं।
-शिवम मिश्रा, जिलाध्यक्ष, विद्युत संविदा मजदूर संगठन