फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दंपती को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कुचला: मौत के बाद नौ घंटे तक स्टेट हाइवे पर जाम... सीओ के समझाने पर माने परिजन

Thu, 06 Nov 2025 12:33 PM IST
मुकेश कुमार संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहांपुर

सार

शाहजहांपुर के पुवायां क्षेत्र में बुधवार रात तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली हाईवे किनारे टिनशेड में घुस गई। जिससे उसमें सो रहे दंपती की मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। सीओ के समझाने पर परिजन माने। तब जाकर नौ घंटे बाद जाम खुल सका। 
विज्ञापन
घटना के बाद मौके पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

शाहजहांपुर के पुवायां में ईंट भट्ठे का तेज रफ्तार ट्रैक्टर टिन शेड में घुस जाने से गांव सुनारा बुजुर्ग के रामशंकर (50) और उनकी पत्नी तारा देवी (45) की मौत हो गई। इसके बाद स्टेट हाईवे पर तख्त आदि डालकर जाम लगाए जाने के कारण नौ घंटे तक आवागमन बंद रहा। बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे पुलिस ने सड़क खाली कराई और आवागमन सुचारू कराया।

विज्ञापन


बुधवार रात लगभग साढ़े दस बजे गांव सुनारा बुजुर्ग में रफ्तार का कहर देखने को मिला। यहां तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली ने दंपती को रौंद दिया था। घटना में तारा देवी की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पति रामशंकर और पौत्र अरुण, पौत्री वंदना को 108 सेवा की एंबुलेंस से पुवायां सीएचसी लाया गया था। सीएचसी पर रामशंकर को भी मृत घोषित कर दिया था। 

वंदना देवी को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। अरुण को इलाज के बाद घर भेज दिया गया। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने भट्ठा स्वामी और ट्रैक्टर चालक को मौके पर लाने की मांग करते हुए गांव में मकान के सामने पुवायां-दातागंज स्टेट हाइवे जाम कर दिया था। सूचना पर पुवायां, सिंधौली, बंडा, खुटार थानों की पुलिस मौके पर पहुंची थी। 
विज्ञापन


संबंधित खबर- शाहजहांपुर में भीषण हादसा: तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली टिनशेड में घुसी, दंपती की मौत, पौत्री गंभीर घायल

पूरी रात हाईवे पर बैठे रहे ग्रामीण, नहीं खोला जाम 
पूरी रात सीओ और पुवायां, खुटार, बंडा के थाना प्रभारी परिजनों को समझाते रहे, लेकिन सुबह तक ग्रामीणों ने जाम नहीं खोला। इस दौरान परिजनों और गांव के लोगों की पुलिस से कई बार नोकझोंक हुई और टकराव की स्थिति भी बनी।

बृहस्पतिवार सुबह सीओ प्रवीण मालिक और नायब तहसीलदार पंकज कुमार ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाकर बमुश्किल जाम खुलवाया। इस दौरान लगभग नौ घंटे जाम लगा रहा। जाम खुलने के बाद दंपती के शव पोस्टमॉर्टम को भिजवाए गए।


अंतिम संस्कार से किया इन्कार 
पोस्टमॉर्टम के बाद शव घर पहुंचे तो परिजनों ने शव को दरवाजे पर रख दिया और अंतिम संस्कार से इन्कार करते हुए चालक को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे। थाना प्रभारी रवि करन सिंह के समझाने पर लगभग एक घंटे बाद परिजन अंतिम संस्कार को तैयार हुए और दोनों शव खेत पर ले जाकर पास-पास चिता बनाकर अंतिम संस्कार कर दिया गया।

बाबा-दादी के पास रहती थी वंदना
रामशंकर के पुत्र ब्रजेश कुमार की पहली पत्नी की मौत हो गई थी। बाद में ब्रजेश की दूसरी शादी हो गई थी। ब्रजेश की पहली पत्नी की मौत के समय पुत्री वंदना छोटी थी। बाबा-दादी ने ही वंदना का पालन पोषण किया। वंदना रात में बाबा-दादी के साथ ही सोती थी। इस कारण वह भी हादसे में घायल हुई है। बाबा-दादी की मौत से वंदना का रो-रोकर बुरा हाल है।

ट्रैक्टर चालक पर दर्ज कराई नामजद रिपोर्ट
पुवायां। रामशंकर के पुत्र ब्रजेश कुमार ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि ट्रैक्टर चालक गांव शाहजहांपुर के कटिया टोला और वर्तमान में सुनारा बुजर्ग निवासी शशिंद्र कुमार ओम ब्रिक फील्ड का ट्रैक्टर ट्राॅली तेज रफ्तार में लेकर निकला और टिन शेड में टक्कर मार दी। हादसे में उनकी बोलेरो गाड़ी को काफी नुकसान पहुंचने के साथ ही टिन शेड में सो रहे पिता, मां की मौत हो गई।

रात भर जाम... पूरा दिन गुजरा फिर भी नहीं पकड़ सके चालक
 बुधवार रात हादसे के बाद से बृहस्पतिवार सुबह तक पुवायां-निगोही रोड नौ घंटे तक बंद रहा। जाम के दौरान परिजन और गांव के लोग चालक को पकड़ने की मांग भी करते रहे इसके बावजूद पूरी रात के बाद बृहस्पतिवार पूरा दिन बीतने पर भी पुलिस अभी तक ट्रैक्टर चालक को नहीं पकड़ पाई है। इससे लोगों में ज्यादा नाराजगी रही। गांव के लोगों ने बताया कि जिस शशिंद्र को नामजद किया गया है, वह भट्ठा मालिक भी है।
विज्ञापन

सीओ पुवायां प्रवीण मलिक ने बताया कि दंपती की मौत के मामले में जिस ट्रैक्टर चालक को नामजद कराया गया है, उनको नोटिस जारी किया जाएगा। घटना की जानकारी ली जाएगी। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

संयुक्त रूप से खेती करते हैं रामशंकर के बेटे
रामशंकर का परिवार संपन्न है। रामशंकर के चार पुत्र ब्रजेश, राहुल, अजीत, लालू में तीन की शादी हो चुकी है। ब्रजेश और उनके भाई संयुक्त रूप से रहकर खेती का काम करते हैं। पुवायां निगोही रोड पर गांव में उनकी दुकानें हैं और ढाई एकड़ खेती भी है। परिवार के पास ट्रैक्टर आदि भी है और अपनी खेती के साथ ही ठेके पर लेकर खेती भी करते हैं। 18 अक्तूबर 2025 को धनतेरस पर परिवार में पुरानी बोलेरो गाड़ी भी खरीदी गई थी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें