एक अल्ट्रासाउंड सेंटर पर अभिलेख मिले अधूरे, थमाया नोटिस
भ्रूण हत्या की मिल रहीं शिकायतों के मद्देनजर हुई कार्रवाई
कन्या भ्रूण हत्या की मिल रहीं शिकायतों के मद्देनजर डीएम के निर्देश पर डिप्टी सीएमओ ने एसडीएम के साथ नगर के अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर छापा मारा। इस दौरान एक अल्ट्रासाउंड सेंटर पर अभिलेख अधूरे पाए जाने पर नोटिस देकर जवाब मांगा गया है। सही जवाब नहीं मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। छापामार कार्रवाई से अल्ट्रासाउंड सेंटर संचालकों में हड़कंप मचा रहा। टीम के वापस होने पर राहत की सांस ली।
बुधवार दोपहर लगभग 12 बजे डिप्टी सीएमओ डाक्टर सत्येंद्र कुमार, एसडीएम एसपी सिंह, समाजसेवी पूर्व चेयरमैन सरोज गुप्ता की टीम जैसे ही नगर के अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर पहुंची, सेंटर स्वामियों में हड़कंप मच गया। जांच अधिकारी डिप्टी सीएमओ डॉ. सत्येंद्र कुमार ने बताया कि नगर में डॉ. आलोक अग्रवाल, डॉक्टर विजेंद्र गुप्ता, डॉ. मनोज कुमार अग्रवाल के अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर कन्या भ्रूण हत्या से संबंधित मामलों की सघन जांच की गई। इस दौरान उनके अभिलेख भी देखे गए। बताया कि डॉ. बिजेंद्र गुप्ता के अभिलेख अधूरे पाए गए। इस बाबत उन्हे सख्त हिदायत दे दी गई है साथ ही रिकॉर्ड पूरे न कर पाने को लेकर उन्हें नोटिस दिया जाएगा । बताया कि जांच में अन्य कोई खामियां नहीं पाई गई। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि वह कन्या भ्रूण हत्या जैसे पाप से बचें। अल्ट्रासाउंड सेंटर स्वामियों को भी चाहिए कि वह शासन के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करते हुए कन्या भ्रूण की जांच न करें।