शाहजहांपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) पर मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की हकीकत परखने के लिए मंडलीय टीम ने जिले में निरीक्षण शुरू कर दिया है। 14 नवंबर से शुरू हुआ यह अभियान सभी विकासखंडों में चलाया जा रहा है। टीम अस्पतालों में बुनियादी सुविधाओं, साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता, जांच व्यवस्था और मरीजों को मिलने वाली सेवाओं का जायजा लेगी।
प्रमुख सचिव के निर्देश पर एसआरएम (स्टेट रिव्यू) के तहत यह निरीक्षण शुरू हुआ है। मुरादाबाद मंडल की टीम अपर निदेशक (एडी) के निर्देशन में जिले के प्रत्येक ब्लॉक में पहुंची हैं। टीम में दो सदस्य शामिल हैं। टीम एक ब्लॉक में चार दिन तक रहकर वहां के सभी सीएचसी और पीएचसी का निरीक्षण करेगी। इसके अलावा प्रत्येक ब्लॉक के चार आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का भी आकलन किया जाएगा। निरीक्षण के लिए टीम को चेकलिस्ट दी गई है। इसमें स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं और निर्धारित मानकों से जुड़ी व्यवस्थाओं को शामिल किया गया है। टीम यह देखेगी कि अस्पतालों में सुविधाएं जांचेंगी। निरीक्षण के बाद तैयार रिपोर्ट के आधार पर प्रदेश स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का आकलन किया जाएगा। डिप्टी सीएमओ डॉ.आसिफ ने बताया कि मंडलीय टीमें एसआरएम के तहत निरीक्षण कर रही हैं।