शाहजहांपुर कलक्ट्रेट में बुधवार को सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन देने जाते एनआरएलएम के कर्मचारी। स?
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। उप्र राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (एसआरएलएम) के कर्मचारियों को वेतन भुगतान में कटौती के साथ सेवा से जुड़ी अन्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में अधिकारियों को अवगत कराने पर भी उचित कदम नहीं उठाए जाने के विरोध में एसआरएलएम के कर्मचारियों ने बुधवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। साथ ही सिटी मजिस्ट्रेट देवेंद्र प्रताप सिंह को मुख्यमंत्री और मुख्य विकास अधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन दिए।
प्रदर्शन में जिला मुख्यालय सहित विभिन्न विकास खंडों पर तैनात कर्मचारी शामिल रहे। ज्ञापन में कहा गया है कि महिला सशक्तीकरण की दिशा में एसआरएलएम के कर्मचारियों ने प्रदेश में उल्लेखनीय कार्य किए। वर्ष 2013 में प्रदेश में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन लागू होने के बाद से एसआरएलएम ने छह लाख समूहों का गठन किया। इसके बावजूद वेतन भत्ते बढ़ाने की मांग करने पर सरकार के स्तर से प्रतिकूल कदम उठाए जा रहे हैं।
ज्ञापन में मिशन के लिए शासन से स्वीकृत मानव संसाधन नीति समाप्त कर पदनाम बदलने को शोषण का परिचायक बताते हुए कहा है कि इन बदलावों के तहत जिला मिशन प्रबंधक को जिला क्रियाशील प्रबंधक पदनाम देने के साथ वेतन 45 हजार रुपये से घटाकर 30 हजार रुपये कर दिया। अन्य संवर्गों के मानदेय में भी भारी कटौती की गई है, जिसे यथावत लागू रखा जाए। इस दौरान जिला प्रबंधक प्रबल शुक्ला, प्रदीप कुमार, राघवेंद्र सिंह, रवि शर्मा, प्रीति देेवी, हर्षा कुमारी, मंगल पांडेय, तालिब हुसैन, शीशराम आदि मौजूद रहे।