रोजा स्थित नायक जदुनाथ सिंह स्पोर्ट स्टेडियम। फाइल फोटो
शाहजहांपुर। शहरी व ग्रामीण खेल की प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से हथौड़ा गांव स्थित नायक जदुनाथ सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम का कायाकल्प कराया जाएगा। प्रदेश सरकार ने स्टेडियम में सुविधाओं व खेल गतिविधियों को बढ़ाने के लिए बजट में जिक्र किया है। स्टेडियम में वॉलीबॉल, कबड्डी खेल के कोर्ट पर काम चल रहा है। बजट आने से बाद निर्माण कार्य तेजी पकड़ सकेगा।
शहर में उपयुक्त मैदान नहीं होने से खिलाड़ी हथौड़ा स्टेडियम में विभिन्न खेलों के लिए जाते हैं। वहां भी बैडमिंटन कोर्ट की हालत काफी खराब थी। अन्य सुविधाएं भी बेहतर नहीं थी। व्यवस्थाओं को पटरी पर लाने के उद्देश्य से खेल कार्यालय की ओर से स्पोर्ट्स स्टेडियम में एस्ट्रोटर्फ की आवश्यकता को लेकर प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। इसके तहत बैडमिंटन हॉल, कबड्डी कोर्ट, चहारदीवारी, सीसीटीवी कैमरे, आरओ, हाईमास्ट लाइट, क्रिकेट की दो पिच, स्वीमिंग पूल, चार मीटर ट्रैक आदि को बनना था। इसके लिए 36 करोड़ रुपये का बजट मांगा था। स्वीकृति मिलने के बाद यहां पर कुछ काम भी शुरू हो गया था। खेल अवस्थापना को लेकर प्रदेश सरकार ने बजट में स्वीकृति दी है। जिला खेल अधिकारी एसपी बमनिया ने बताया कि निर्माण कार्य चल रहा है। बजट में धन की स्वीकृति मिलने से काम में तेजी जाएगी। स्टेडियम का कायाकल्प होने से खिलाड़ियों को काफी लाभ मिलेगा।
-
वित्त मंत्री ने किया था निरीक्षण
-वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने हथौड़ा स्टेडियम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया था। वहां उन्हें अव्यवस्था मिलने पर सुधार के लिए निर्देशित किया था। यह भी आश्वस्त किया था कि खेल सुविधाओं के लिए बजट का ख्याल रखेंगे।