अल्हागंज। अल्हागंज विद्युत उपकेंद्र पर हुल्लापुर स्थित एसपीएस शिक्षा निकेतन के बकाया बिल भुगतान न किए जाने पर कनेक्शन काटने पर सपा नेता रामवीर सोमवंशी की बिजली निगम के जेई से नोकझोंक हो गई। हंगामे के दौरान रिश्वत के आरोप को लेकर मामला बढ़ गया।
नोकझोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। स्कूल संचालक राजेश्वर सिंह यादव का आरोप है कि उनके स्कूल में लगे बिजली मीटर से अब तक बिल नहीं बनाया गया। आरोप है कि कर्मचारियों ने मीटर खराब होने का हवाला देकर रुपये वसूल लिए। अब कर्मचारी बिल जमा करने के नाम पर 30 हजार रुपये की मांग कर रहे हैं।
हंगामा होने व वीडियो वायरल होने के बाद जेई जगदीश कुमार ने थाने में तहरीर दी। थानाप्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि जेई ने सपा नेता व उपभोक्ता राजेश्वर सिंह समेत दो अन्य पर सरकारी काम में बाधा, गाली-गलौज और धमकी के आरोप लगाए हैं। मामले की जांच की जा रही है। संवाद