शाहजहांपुर। समाजवादी पार्टी ने मंगलवार को जिले की सभी छह सीटों पर अपने प्रत्याशी तय कर दिए। सभी प्रत्याशियों को लखनऊ बुलाकर शाम को सिंबल प्रदान कर दिए हैं। जलालाबाद से वर्तमान विधायक शरदवीर सिंह का टिकट पार्टी ने काट दिया। मौर्य स्वामी प्रसाद मौर्य के साथ भाजपा छोड़कर सपा के पाले में आने वाले रोशनलाल वर्मा को तिलहर और नीरज मौर्य को जलालाबाद से प्रत्याशी बनाया है। ददरौल से राजेश वर्मा, नगर सीट से पार्टी जिलाध्यक्ष तनवीर खां, पुवायां (सुरक्षित) से उपेंद्र पाल और कटरा से राजेश यादव को टिकट दिया है।
पार्टी के सभी प्रत्याशियों को आलाकमान ने मंगलवार को लखनऊ बुला लिया। शाम तक प्रत्याशियों को सिंबल दिए जाते रहे। पार्टी ने इस बार 2017 के चुनाव में प्रत्याशी रहे दो लोगों को छोड़कर सभी सीटों पर इस बार बदलाव किया है। जलालाबाद से वर्तमान विधायक शरदवीर सिंह को इस बार टिकट नहीं दिया। उनके स्थान पर नीरज मौर्य को पार्टी ने प्रत्याशी बनाया है। ददरौल में पूर्व राज्यमंत्री राममूर्ति सिंह वर्मा के बेटे राजेश वर्मा को प्रत्याशी बनाया गया है। यहां से बसपा सरकार में मंत्री रहे अवधेश वर्मा भी टिकट मांग रहे थे।
तिलहर में रोशनलाल वर्मा को सपा ने तमाम विरोध के बावजूद प्रत्याशी बनाया है। पुवायां सुरक्षित सीट से उपेंद्र पाल पर पार्टी ने दांव लगाया है। नगर विधानसभा क्षेत्र से सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खां पर आलाकमान ने लगातार तीसरी बार विश्वास जताया है। वह पिछले दो चुनाव हार चुके हैं। कटरा में समाजवादी पार्टी से पूर्व विधायक राजेश यादव तीसरी बार चुनाव लड़ेंगे। वह 2002 में तिलहर सीट से चुनाव लड़कर हारे थे। बाद में 2007 में तिलहर सीट से सपा के विधायक बने थे। पुवायां सुरक्षित सीट को छोड़ दें तो पांच अन्य सीटों पर सपा ने एक मुस्लिम और चार पिछड़ी जाति के प्रत्याशियों पर दांव लगाया है।
जिलाध्यक्ष का वर्जन
जिले की सभी छह सीटों पर प्रत्याशी तय कर दिए गए हैं। सभी प्रत्याशियों को लखनऊ बुलाकर पार्टी ने सिंबल प्रदान कर दिए हैं। हम सभी छह सीटों पर हमारे प्रत्याशी बड़ी जीत दर्ज करेंगे।
तनवीर खां, सपा जिलाध्यक्ष
जलालाबाद विधान सभा से सपा प्रत्याशी नीरज मौर्य । संवाद- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजांपुर नगर विधान सभा से सपा प्रत्याशी तनवीर खां । संवाद- फोटो : SHAHJAHANPUR
तिलहर विधान सभा से सपा प्रत्याशी रोशन लाल वर्मा । संवाद- फोटो : SHAHJAHANPUR
ददरौल विधान सभा से सपा प्रत्याशी राजेश वर्मा । संवाद- फोटो : SHAHJAHANPUR
उपेंद्र पाल सिंह (सपा प्रत्याशी पुवायां विधानसभा)- फोटो : POWAYAN