शाहजहांपुर के कलक्ट्रेट में एमएलसी पद के चुनाव के नामांकन पत्रों की जांच करते जिलाधिकारी उमेश प?
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। विधान परिषद सदस्य पद के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया सोमवार को समाप्त हो गई। सपा ने अमित यादव रिंकू पर दांव लगाया है। भाजपा ने पुवायां के डॉ. सुधीर गुप्ता को चुनाव मैदान में उतारा है। सुधीर के लिए भगवा ब्रिगेड पूरे दमखम से लग गई। वहीं सपा भी विधानसभा चुनाव में हार की टीस को भुलाते हुए शाहजहांपुर-पीलीभीत की सीट को अपने पास रखने के लिए पूरी जोर अजमाइश में लगी है। दोनों ही दल चुनाव में लीड को बढ़ाने के लिए बसपा और कांग्रेस के वोटरों पर डोरे डालने में जुटे हैं।
इस बार के एमएलसी चुनाव में भाजपा के लिए राह काफी आसान मानी जा रही है। भगवा ब्रिगेड के पास जनपद के 14 ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य, प्रधान और बीडीसी का समर्थन है। यही हाल पड़ोसी जिले पीलीभीत का भी है। वहां भी भाजपा ने अपनी पूरी पकड़ बना ली है। वहीं दूसरी तरफ सपा चुनाव में अपनी पकड़ ढीली नहीं करना चाहती है। विधानसभा चुनाव की हार को भुलाते हुए सपाई फिर से पूरी ताकत के साथ जुट गए हैं। उन्होंने अपने जिला पंचायत सदस्यों, प्रधानों और बीडीसी सदस्यों को साधना शुरू कर दिया।
वहीं दूसरी तरफ जनपद में बसपा के 11 और कांग्रेस के दो जिला पंचायत सदस्यों, प्रधानों और बीडीसी सदस्यों पर भी सपा और भाजपा ने डोरे डालना शुरू कर दिए हैं। चुनाव में बढ़त को बनाए रखने के लिए कांग्रेस और बसपा के वोटरों को साधने में जुट गए हैं। बड़े नेता लगातार उनसे संपर्क साध रहे हैं। कांग्रेस के निवर्तमान जिला उपाध्यक्ष फुरकान अहमद कुरैशी बताते हैं कि दो जिला पंचायत सदस्य कांग्रेस के हैं। बीडीसी और प्रधान भी कई हैं। अभी प्रदेश नेतृत्व का कोई निर्देश प्राप्त नहीं हुआ है।
-जनपद में बसपा के 11 जिला पंचायत सदस्य हैं। पार्टी समर्थित प्रधान और बीडीसी भी हैं। चुनाव को लेकर राष्ट्रीय नेतृत्व से कोई दिशा-निर्देश नहीं मिले हैं। यदि पार्टी का कोई इशारा नहीं मिलता है तो संबंधित वोटर अपनी मर्जी से वोट करेंगे। - राशिद कुरैशी, महानगर अध्यक्ष-बसपा