शाहजहांपुर। आईटीएमएस के तहत शहर में 13 तिराहों-चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल व्यवस्था लागू की गई है। फिलहाल इसका ट्रायल चल रहा है, जिससे वाहन चालकों को जागरूक किया जा सके। लेकिन यह व्यवस्था पूर्ण रूप से लागू होने से पहले ही डगमगाने लगी है। कहीं ट्रैफिक सिग्नल बंद पड़े हैं तो कहीं उनका पालन नहीं किया जा रहा है। ट्रैफिक पुलिस को ही यातायात व्यवस्था संभालती पड़ रही है। रविवार को हमारी टीम ने शहर की ट्रैफिक सिग्नल व्यवस्था का हाल जाना।
12:00 बजे : खिरनीबाग चौराहा: सिग्नल की अनदेखी पर रोके वाहन
खिरनी बाग चौराहा पर ट्रैफिक लाइट जलती मिलीं और उनके अनुसार यातायात नियमों का पालन होते भी पाया गया। एक-दो वाहन चालकों को ट्रैफिक सिग्नल की अनदेखी कर निकलने पर ट्रैफिक पुलिस ने इशारा कर रोक लिया। ट्रैफिक पुलिस के सिपाही ने बताया कि चौराहे पर काफी हद तक ट्रैफिक सिग्नल का अनुपालन होने लगा है।
12:15 बजे : अंटा चौराहा: नियमों का पालन नहीं
अंटा चौराहा पर ट्रैफिक लाइट जलती मिलीं, लेकिन उनका अनुपालन होते नहीं दिखा। जबकि उस समय चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस व होमगार्ड भी मौजूद थे। जोकि फोटो खिंचते देख कर चौराहे पर खड़े हो गए। ट्रैफिक सिग्नल का पालन न होने की वजह से चौराहे के आसपास वाहनों की कतार लगते देखी गई। हालांकि यह वाहन रेंगते हुए चौराहे से निकलते रहे।
12:45 बजे : कवि तिराहा : कुछ कर रहे पालन कुछ अनदेखी
नगर निगम कार्यालय के पास स्थित कवि तिराहे पर ट्रैफिक सिग्नल लाइट जलती मिलीं लेकिन उनका अनुपालन बहुत कम लोगों द्वारा करते ही देखा गया। टाउनहाल ओवरब्रिज की ओर से आने वाहन चालक ट्रैफिक सिग्नल के लाल होने पर कम एक-दूसरे को देखकर अधिक रुक रहे थे। वहीं, हॉकी क्लब मैदान की तरफ से आने वाले वाहक चालक अनदेखी करते रहे।
01:00 बजे : लाल इमली चौराहा: बंद मिलीं ट्रैफिक लाइट
लाल इमली चौराहे पर ट्रैफिक लाइट बंद थीं। इसकी वजह से चौराहे पर यातायात नियमों को कोई पालन नहीं हो रहा था। चारों तरफ से वाहन आने की वजह से जाम की स्थिति बनने पर एक होमगार्ड ट्रैफिक को नियंत्रित करने का प्रयास करता रहा। लेकिन वाहन चालक उसकी भी सुनने को तैयार नहीं थे। होमगार्ड ने बताया ट्रैफिक सिग्नल काम नहीं कर रहे।
ट्रैफिक सिग्नल व्यवस्था को पूरी तरह से लागू करने से पहले लोगों को जागरुक किया जा रहा है। लाल इमली चौराहा की सिग्नल लाइटें में कुछ फाल्ट हो गया है, उसको ठीक करा दिया जाएगा। अन्य चौराहे/तिराहे पर सिग्नल काम करने लगे हैं। जल्द ही ऑनलाइन चालान की व्यवस्था लागू हो जाएगी। - मनोज कौशिक, प्रभारी, आईटीएमएस
शाहजहांपुर के लाल इमली चाराहे पर ट्रैफिक लाइट बंद थी । संवाद- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर के कवि तिराहे पर ट्रैफिक लाइट जल रही थी । संवाद- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर के खिरनी बाग चाराहे पर ट्रैफिक लाइट जल रही थी । संवाद- फोटो : SHAHJAHANPUR