फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ग्रामीण क्षेत्रों में खूब उड़ी लॉकडाउन की धज्जियां, घरों से निकले लोग

विज्ञापन
विज्ञापन
शाहजहांपुर। लॉकडाउन का तीसरा चरण सोमवार केे शुरू हो गया। जिले में कोई कोरोना पॉजिटिव न होने पर शासन की ओर से ग्रीन जोन घोषित करने के बाद अब किराना, कपड़ा, किताब, सीमेंट आदि की दुकानें खोलने की छूट मिल गई है। इसका लोगों ने नाजायज फायदा उठाया और सामाजिक दूरी दरकिनार कर बाजारों में खरीदारी को निकल पड़े। अमर उजाला की टीम ने जब देहात क्षेत्र का जायजा लिया तो हर जगह ही हालात बेकाबू नजर आए
विज्ञापन

चौराहों से नदारद रही पुलिस, बाजार में उमड़ी भीड़
तिलहर। पुलिस-प्रशासन की अनदेखी के चलते पूरे दिन ही कस्बे में सामाजिक दूरी की अनदेखी की जाती रही। पुलिस की गैरमौजूदगी के चलते बाजार में जमकर भीड़ उमड़ी और प्रतिबंध के बावजूद वाहन भी बेरोकटोक चलते रहे।
रविवार को देर शाम डीएम ने बाजार खोलने के लिए अलग-अलग स्लॉट निर्धारित किए थे। मगर बाजार में सुबह से ही इसकी अनदेखी होती रही। सुबह से ही बाजार में भीड़ उमड़ पड़ी लेकिन पुलिस अनजान बनी रही। हालांकि कुछ देर के लिए सीओ मंगल सिंह रावत और एसएसआई बीके मौर्य नगर में भ्रमण करते नजर आए। मगर इसके बाद फिर अनदेखी शुरू हो गई। हालात यह हो गए कि जहां प्रतिदिन चौराहों पर पुलिस की पिकेट ड्यूटी पर मौजूद रहती थी, वहां सोमवार को सन्नाटा छाया रहा। दोपहर के समय बिरियागंज चौराहे पर मात्र एक होमगार्ड डंडा लिए ड्यूटी देते नजर आया। प्रतिबंध के बावजूद बाजार में बड़े वाहनों का भी आवागमन जारी रहा, जिससे चौराहे पर जाम की स्थिति भी बनी रही।
विज्ञापन

सामाजिक दूरी का पालन कराने की नहीं दिखी व्यवस्था
ज़लालाबाद। शासन द्वारा ग्रीन जोन के तहत जारी दिशा निर्देशों को दुकानदारों ने पहले ही दिन हवा में उड़ा दिया। सोमवार सुबह ही अधिकतर दुकानें खुल गईं। दुकानदारों ने सामाजिक दूरी बनाए रखने के लिए अपने प्रतिष्ठानों पर कोई व्यवस्था नहीं की और न ही कोई प्रशासनिक अधिकारी नियमों का पालन कराने के लिए व्यवस्था करता दिखाई दिया। दोपहर तक जारी रही इस अव्यवस्था के बाद सीओ ब्रह्मपाल सिंह और कोतवाल रवि कुमार पुलिस बल के साथ सड़कों पर घूमे तब स्थिति में सुधार हुआ।
दो घंटे बाद खुली शराब की दुकान
पहले दिन शराब की दुकान दो घंटे देरी से खुली। दुकान स्वामी के अनुसार स्टॉक के मिलान की वजह से यह देरी हुई। इसके बाद यहां भीड़ टूट पड़ी। कई लोग तो शराब की दो-दो पेटियां तक खरीदकर ले गए। शाम तक नगर स्थित अंग्रेजी शराब की एक दुकान पर एक लाख से ज्यादा की शराब की बिक्री हो गई।
अल्हागंज में जमकर बिकी शराब और इलेक्ट्रिक सामान
अल्हागंज। ग्रीन जोन में शासन से मिली छूट के बाद सोमवार केे अल्हांगंज में शराब और बियर के ठेकों पर खूब भीड़ रही। इसके अलावा बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स के सामान की भी खरीदारी हुई।
क्षेत्र में कुछ लोगों ने शराब का स्टाक भी करके रख लिया और मनमाने मूल्य पर उसकी बिक्री भी करने लगे। 6 मई को शादी-विवाह का मुहूर्त होने की वजह से बर्तनों और इलेक्ट्रॉनिक सामान की बिक्री करने वाली दुकानों पर फ्रिज, कूलर, पंखे के खरीदारों का भी काफी आना-जाना लगा रहा।
परौर में बीओबी के बाहर उमड़ी भीड़, नहीं हुआ सामाजिक दूरी का पालन
परौर। सोमवार को प्रशासन की ओर से छूट मिलने पर लोग बिना किसी रोक-टोक के घरों से निकलते रहे। बाजार में खरीदारी के लिए पहुंचने वालों से ज्यादा बैंक से रुपये निकालने जाने वाले अधिक दिखे। कस्बा स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा में रुपये निकालने के लिए लोग पहुंचे तो सामाजिक दूरी को दरकिनार कर दिया। कुछ लोग तो बिना मास्क के ही नजर आए। वहीं सब्जी, फल और परचून की दुकानों के साथ ही कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकानों पर भी सामाजिक दूरी का ध्यान नहीं रखा गया।
सेहरामऊ में पुलिस ने कराया सामाजिक दूरी का पालन
सेहरामऊ दक्षिणी। आज दिन सोमवार को लॉकडाउन में दुकानें खोलने के लिए छूट दी गई, जिसमें शराब और इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकानें पर दिन-भर लोग खरीदारी के लिए पहुंचते रहे। इस बीच सेहरामऊ थानाध्यक्ष नीरज सिंह यादव कस्बे में घूमकर एनाउंसमेंट कराया और सामाजिक दूरी का पालन करने के निर्देश देते रहे। लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई। कस्बे में कपड़ा, जूता-चप्पल, नाई, किराना आदि की दुकानें समय से खुली। थानाध्यक्ष ने बताया, शाम सात बजे से और सुबह सात बजे तक पूर्णतया लॉक डाउन रहेगा।
मीरानपुर कटरा में दुकानदारों ने की नियमों की अनदेखी
मीरानपुर कटरा। लॉक डाउन के तीसरे चरण में सोमवार को बाजार खुलने के साथ ही सामाजिक दूरी की जमकर धज्जियां उड़ाई गई। वहीं दुकानदारों द्वारा भी नियमों की खूब अनदेखी की गई। पहले स्लॉट के दुकानदारों द्वारा दुकानें खोले जाने के साथ ही दूसरे स्लॉट के दुकानदार भी अपनी दुकानों के आगे ग्राहक का इंतजार करते नजर आए। इससे बाजार में भीड़भाड़ भरा नजारा देखने को मिला। सर्राफ, कपड़ा, कॉस्मेटिक, बर्तन आदि की दुकानों पर भीड़ नजर आई। पुलिस ने चौराहे के निकट मेन बाजार जाने वाले रोड पर बैरियर लगाकर दो पहिया और चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर बंदिश रखी।
दुकानें खुलीं मगर ग्राहक रहे नदारद
निगोही। लॉकडाउन के तीसरे चरण में जहां प्रशासन की ओर से दुकानों को खोलने और खरीदारी की छूट दी गई। वहीं निगोही कस्बे का बाजार पूरी तरह से बंद रहा। मगर कस्बे के अंदर सर्राफा, कपड़ा, बर्तन, रेडीमेड सहित सभी तरह की दुकानें खुली रहीं। बाजार बंद होने की वजह कस्बे में खुली दुकानों पर भी ग्राहक नहीं पहुंचे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें