शाहजहांपुर। न्यायालय ने 150 ग्राम स्मैक के साथ पकड़े गए तस्कर को चार वर्ष के सश्रम कारावास और 50 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है।
11 सितंबर 2021 को कटरा थाने में तैनात वरिष्ठ उपनिरीक्षक संतोष कुमार पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। खैरपुर चौराहे पर जैतीपुर की ओर से बाइक से आते एक व्यक्ति को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो वह भागने लगा। पुलिस ने चौराहे से करीब 30 कदम की दूरी पर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम गिरीशपाल बताया।
उसने अपना पता बरेली के फरीदपुर थाना क्षेत्र के टांडा सिकंदरपुर बताया। पुलिस ने क्षेत्राधिकारी तिलहर को सूचना दी। उनकी मौजूदगी में तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 150 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इसके बाद कटरा थाने में मुकदमा पंजीकृत विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के बाद आरोपपत्र अदालत भेजा गया। गवाहों के बयानात और साक्ष्यों के आधार पर एडीजे-42 ने गिरीशपाल को दोषसिद्ध कर चार वर्ष के सश्रम कारावास और 50 हजार रुपये अर्थदंड से दंडित किया।