शाहजहांपुर के मदनापुर थाना क्षेत्र में छह साल की बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। बच्ची शादी समारोह में गई थी। वहां से कोई व्यक्ति उसे अपने साथ ले खेत में गया, जहां उसके साथ हैवानियत की।
शाहजहांपुर जिले के एक गांव में शादी समारोह में गई छह साल की एक बच्ची से हैवानियत की गई। परिजनों ने खून से लथपथ बच्ची को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस अज्ञात आरोपी की तलाश कर रही है।
विज्ञापन
मदनापुर थाना क्षेत्र के रहने वाले एक व्यक्ति की छह साल की बच्ची गांव में शादी समारोह में अपने परिजनों के साथ गई थी। सोमवार रात में दस बजे तक वह डीजे पर डांस कर रही थी। इसके बाद वह लापता हो गई। थोड़ी देर बाद बच्ची खेतों की ओर से खून से लथपथ घर पहुंची और बेहोश हो गई। उसकी हालत देखकर हड़कंप मच गया।
पुलिस को सूचना देने के साथ ही उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। मंगलवार सुबह एसपी राजेश द्विवेदी और सीओ सदर प्रयांक जैन ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। एसपी ने बताया कि अज्ञात आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।