पुवायां। जमीन के विवाद और दरोगा पर कार्रवाई की मांग को लेकर राष्ट्रीय जनता दल के बैनर तले गांव गंगसरा निवासी उमेश कुमार अपने परिजनों के साथ आवास पर धरने और भूख हड़ताल पर बैठे हैं। एसपी ने उनकी मांग पर दो मुकदमों में जांच के लिए तिलहर सीओ के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है।
उमेश पाल ने गांव हसनापुर के एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी को तलाकशुदा दर्शाकर नियम विरुद्ध तरीके से भूमि अपने नाम दर्ज कराने पर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही तीन लोगों पर जमीन कब्जाने का आरोप लगाया है। उमेश पाल ने पुवायां के एक दरोगा पर मकान कब्जाने के झूठे मामले में जेल भेजने की जांच कराने, गांव नत्थापुर निवासी उर्मिला के साथ मारपीट के मामले सहित अन्य आरोपों में एसपी के आदेश के बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं करने पर कार्रवाई की मांग भी की है।
राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश अध्यक्ष रामकिशेर बघेल भी पीड़ितों के साथ धरने पर बैठे हैं। उन्होंने भी मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
एसपी सौरभ दीक्षित ने जारी आदेश में बताया कि तिलहर सीओ विदुष सक्सेना के नेतृत्व में गठित एसआईटी में अपराधा शाखा के इंस्पेक्टर अशोक कुमार सिंह और सिंधौली थाने के एसआई अजीत सिंह को शामिल किया गया है। एसआईटी वर्ष 2026 में दर्ज मुकदमे और अन्य आरोपों की जांच करेगी। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।