जलालाबाद। बार संघ के चुनाव सोमवार को संपन्न हो गए। अध्यक्ष पद पर श्यामबाबू सिंह और महासचिव पद पर सुरेंद्र रघुवंशी को विजयी घोषित किया गया। कोषाध्यक्ष पद पर नवीन चंद्र गुप्ता और संयुक्त सचिव द्वितीय पर रामप्रवेश ने जीत दर्ज की। विजयी पदाधिकारियों का साथी अधिवक्ताओं ने माला पहनाकर स्वागत किया।
बार संघ चुनाव में 154 में से 150 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। संयुक्त सचिव पद के लिए पड़े मतों में से तीन वोट निरस्त हो गए। चुनाव अधिकारी विनोद द्विवेदी ने बताया कि अध्यक्ष पद पर विजयी रहे श्याम बाबू सिंह को 89 मत और उनके प्रतिद्वंद्वी योगेश पाठक को 61 मत मिले। महासचिव पद पर सुरेंद्र रघुवंशी ने सर्वाधिक 76 वोट से जीत दर्ज की। उन्होंने कुल 113 मत हासिल किए। जबकि, उनके प्रतिद्वंद्वी सुनील राजपूत को 37 वोट से ही संतोष करना पड़ा। कोषाध्यक्ष पद पर जीत-हार का अंतर काफी कम रहा। इस पद पर जीते नवीन गुप्ता को 76 वोट मिले। जबकि मनेंद्र पाल सिंह 74 वोट पाकर दूसरे नंबर पर रहे। मनेंद्र गुप्ता की आपत्ति पर इस पद के लिए मतों की दोबारा गिनती की गई। हालांकि, परिणाम नहीं बदला। संयुक्त सचिव द्वितीय पर 108 वोट पाकर रामप्रवेश ने जीत हासिल की। जबकि, उनके प्रतिद्वंद्वी दुर्गेश द्विवेदी 39 मत ही पा सके। इस दौरान चेयरमैन शकील खां, भन्नू सिंह, ब्रह्मकुमार दीक्षित, राजू शुक्ला, गोपाल द्विवेदी, जितेंद्र मिश्रा समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।