पुवायां। नकली देसी घी बेचे जाने की शिकायत पर खाद्य विभाग की टीम ने सैंपल लेने के बाद दुकान में मिले घी को सील कर दिया। दुकान स्वामी को पुलिस ने थाने में बैठा रखा है।
जनपद मेरठ के थाना कोतवाली के मोहल्ला करन अली निवासी आमिर ने तीन जनवरी को नगर में देसी घी बेचने के लिए दुकान खोली थी। उसके साथ दो लोग और थे, जो कस्बे और गांवों में सात सौ रुपये का एक किलो देसी घी लेने पर एक किलो घी उपहार में देने का प्रचार कर रहे थे। कुछ लोगों ने घी खरीदा लेकिन उसकी गुणवत्ता बेहद खराब निकलने पर रविवार शाम घी वापस करने आए। इसको लेकर ग्राहक और आमिर के बीच विवाद हो गया। सूचना पर पुलिस आमिर को थाने लाई थी। आमिर के साथी भाग निकले थे।
इधर, पुलिस ने खाद्य विभाग को जानकारी दी थी। देर रात सहायक खाद्य आयुक्त चंद्रशेखर मिश्रा नगर पहुंचे और दो ड्रमों में भरे देसी घी का सैंपल लिया। इसके बाद घी सील कर दुकान को बंद करा दिया गया। पुलिस अभी घी के सैंपल की रिपोर्ट मिलने का इंतजार कर रही है। आमिर को पुलिस ने थाने में बैठा रखा है। आमिर ने बताया कि देसी घी की मेरठ से लाकर बिक्री करते हैं। उपहार की योजना घी कंपनी की है। घी में कोई खराबी नहीं है।
-
घी का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट में आने में सवा से डेढ़ महीना लगेगा। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-रवि शर्मा, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शाहजहांपुर