मीरानपुर कटरा। श्री रामलीला कमेटी की ओर से बुधवार को नगर के विभिन्न मार्गों से भगवान गणेश की शोभायात्रा धूमधाम से निकाली जाएगी। इसे ध्यान में रखते हुए प्रभारी निरीक्षक जुगलकिशोर पाल ने मंगलवार को शोभायात्रा के निर्धारित मार्ग का सुरक्षा के नजरिए से जायजा लिया। बाद में उन्हाेंने अधीनस्थों को शोभायात्रा के मार्ग पर कोई अवरोध नहीं आने देने के निर्देश दिए। मेला प्रभारी पूर्व चेयरमैन सुरेंद्र गुप्ता ने बताया कि भगवान गणेश की शोभायात्रा के बाद मेला मैदान पर हवन-पूजन होगा और इसी के साथ मेला औपचारिक रूप से आरंभ हो जाएगा। संवाद
प्रदर्शनी कार्यालय का फीता काटकर शुभारंभ
शाहजहांपुर। फैक्टरी इस्टेट श्री रामलीला एवं प्रदर्शनी कार्यालय का नवीनीकरण कार्य पूर्ण होने के बाद सोमवार की शाम को उद्घाटन हुआ। निर्माणी के मुख्य महाप्रबंधक राजेश कुमार वर्मा ने फीता काटकर कार्यालय का शुभारंभ किया।उन्होंने कलाकारों के पूर्वाभ्यास को भी देखा। कलाकारों के विभिन्न प्रसंगों को देखकर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि श्रीरामलीला जैसे धार्मिक व सांस्कृतिक आयोजन समाज को नैतिक शिक्षा देने के साथ-साथ हमारी परंपराओं को भी जीवंत रखते हैं। मंच पर कलाकारों के किए जा रहे भावपूर्ण अभिनय और समर्पण की सराहना की। मेले के महासचिव ऋषि बाबू, सचिव राम मोहन अग्निहोत्री, पूर्व महासचिव हितेश अग्रवाल के अलावा मंचन समिति के सचिव देवेश दीक्षित, संयुक्त सचिव अमित अवस्थी, निदेशक अंकित सक्सेना, सह-निदेशक सुहेल मोहम्मद, प्रभारी महेंद्र दीक्षित आदि मौजूद रहे। संवाद
कथावाचकों को आयोजकों ने किया सम्मानित
निगोही। राघवपुर खुर्द गांव में ब्रह्मचारी बाबा देवस्थान पर एक सप्ताह से आयोजित श्रीमद् भागवत कथा का सोमवार को विश्राम होने के बाद मंगलवार को ग्राम प्रधान मदन वर्मा ने आयोजकों की ओर से कथावाचक देशराज शास्त्री और राम शास्त्री को वस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। मंगलवार को सुबह दोनों कथावाचकों को ग्रामीणों ने विदाई दी। ग्राम प्रधान ने आयोजन में सहयोग करने वाले ग्रामीणों का भी आभार व्यक्त किया। संवाद
श्रीमद्भागवत के कई प्रेरक प्रसंग सुनाए
रोजा। रेती के बाबा मनोकरण मंदिर परिसर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा मंगलवार को जारी रही। कथा में वृंदावन से आए कथावाचक पंडित राहुल कृष्ण दीक्षित ने भगवान द्वारा अजामिल के उद्धार, गज ग्रह उद्धार, सृष्टि की उत्पत्ति आदि प्रसंग से जुड़ी कथाएं सुनाकर श्रद्धालुओं को भाव विभोर कर दिया। इससे पूर्व कथा के यजमान संजीव मिश्रा और उनकी पत्नी अर्चना ने भगवान और व्यास पीठ की पूजा की। कथा श्रवण में रेनू मिश्र, हरिशंकर पांडेय, कृष्ण बिहारी मिश्रा, इच्छाराम बाजपेयी, पंकज मिश्रा, विनीता त्रिपाठी आदि श्रद्धालु शामिल रहे। संवाद
कथावाचक ने सीता हरण का प्रसंग सुनाया
अल्हागंज। बारह पत्थर देवस्थान के मंदिर परिसर में आयोजित श्रीराम कथा में मंगलवार को कथा व्यास पं. सत्यदेव द्विवेदी ने सीता हरण का मार्मिक प्रसंग सुनाया तो श्रद्धालु भाव विभोर हो उठे। उन्होंने रावण के कपट पूर्ण व्यवहार, जटायु की वीरता और श्रीराम के विलाप का ऐसा जीवंत वर्णन किया श्रद्धालु श्रोताओं की आंखें नम हो गईं। कथा स्थल पर शाम से बाहर के संतों का आगमन भी शुरू हो गया। श्रद्धालुओं के साथ अतिथि संत-महात्माओं ने भी कथा सुनी। अंत में यजमान के पुत्र संजीव गुप्ता ने भगवान की आरती कर संतों को शाल ओढ़ाकर फूलमालाओं से सम्मानित किया। संवाद