बाजार में दिनभर रही रौनक, खूब हुई खरीदारी
ईद-उल-फितर सोमवार को मनाया जाएगा। रविवार को ईद का चांद दिखने के बाद युवाओं ने पटाखे चलाकर खुशी का इजहार किया और एक-दूसरे को मुबारकबाद दी। इधर, ईद को लेकर महिलाओं, पुरुषों, युवाओं और बच्चों ने रविवार को बाजार में पूरे दिन आवश्यक वस्तुओं और खानपान की चीजों की खरीदारी की। देर रात तक बाजारों में खासी रौनक रही।
एक माह रोजा रखकर अल्लाह की इबादत करने के बाद बतौर तोहफा मिलने वाली ईद की तैयारियां वैसे तो कई दिनों से चल रही हैं, लेकिन रविवार को महिलाओं और बच्चों ने जबरदस्त खरीदारी कर त्योहार की खुशी का दृश्य प्रस्तुत किया। रोजेदारों समेत समाज के अन्य लोगों को पूरी उम्मीद थी कि ईद सोमवार को ही होगी, इसलिए वह तैयारियों में कोई कोरकसर नहीं छोड़ना चाहते। चूंकि सऊदी अरब में चांद दिखने के बाद रविवार को ईद मनाई गई और आमतौर पर ऐसा होता आया है कि सऊदी अरब में ईद मनाने के अगले दिन हिंदुस्तान में भी ईद हो जाती है। रविवार को चांद दिखते ही बच्चे और युवा चांद देखकर उछल पड़े और बच्चाें ने छत पर चढ़कर देर तक उस चांद को निहारा, जिसका वह इंतजार कर रहे थे।
बाजार में महिलाओं ने शृंगार सामग्री, चूड़ियां, मेहंदी कोन, साड़ियां, सूट, फुट बियर, बच्चों और युवाओं ने भी रेडीमेड वस्त्र, जूते-चप्पल, बुजुर्गों ने कुर्ता-पाजामा के साथ सेवइयां, सूतफेनी, खजूर समेत तमाम प्रकार के फल-फ्रूट आदि खानपान के आइटम खरीदे, ताकि मेहमानों का स्वागत जोरदार ढंग से किया जा सके।
ईद के लिए खरीददारी के लिए उमड़े मुस्लिम समाज के लोगों से बाजार में खासी रौनक रही और दुकानदारों के भी चेहरे खिले रहे। चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी के बावजूद बाजार में देर रात तक लोग जुटे रहे।
कब-कहां पढ़ी जाएगी ईद की नमाज
शहर काजी सैयद मसूद हसन ने जनपदवासियों को ईद की मुबारकबाद दी है। उन्होंने बताया कि सोमवार को ईदगाह बड़ा खुतबा में सुबह 7.30 बजे ईद की नमाज पढ़ी जाएगी। इसके बाद छोटा खुतबा, गदियाना ईदगाह, जामा मस्जिद, झंडा वाली मस्जिद में सुबह आठ बजे ईद की नमाज अदा की जाएगी।
डीएम-एसपी ने दी ईद की मुबारकबाद
डीएम नरेंद्र कुमार सिंह और एसपी केबी सिंह ने जनपदवासियों को ईद-उल-फितर की मुबारकबाद दी है। अधिकारी द्वय ने कहा कि सभी लोग आपसी भाईचारा के प्रतीक इस पर्व को हंसी-खुशी के साथ मनाएं, ताकि यहां की गंगा-जमुनी तहजीब और भी मजबूत हो सके। एसपी ने कहा कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दिया जाए, पुलिस चप्पे-चप्पे पर तैनात रहेगी, ताकि किसी को कोई परेशानी न हो।