पुवायां। प्रेमी से ही शादी करने की जिद लेकर एक युवती थाने में पहुंच गई। विरोध कर रहे उसके परिजनों को पुलिस ने बुला लिया। सहमति बनने के बाद दोनों की मंदिर में सात फेरे करवा दिए गए।
कस्बे के एक गांव की युवती की शादी लखीमपुर खीरी के मोहम्मदी थाना क्षेत्र के गांव में हुई थी। ढाई वर्ष पूर्व युवती ने धोखे से फिरोजाबाद के गांव टापा कलां के युवक के मोबाइल नंबर पर कॉल कर दी। इसके बाद दोनों में बातचीत होने लगी। युवती ने पति से नाता तोड़ लिया और मायके आकर रहने लगी। इधर, प्रेमी भी युवती से मिलने उसके गांव आता रहा।
युवती ने परिजनों को प्रेमी के बारे में जानकारी देकर शादी करवाने के लिए कहा, लेकिन परिजनों ने इन्कार कर दिया और उसकी शादी हरदोई में तय कर दी। युवती के बताने पर प्रेमी युवक ने जहां रिश्ता तय हो रहा था, वहां जाकर प्रेम-प्रसंग के बारे में बता दिया, जिस पर वर पक्ष ने शादी से मना कर दिया।
शनिवार को युवती थाने पहुंची और पुलिस को पूरा मामला बताते हुए शादी कराने की मांग की थी। सोमवार को दोनों पक्षों को थाने में वार्ता के लिए बुलाया गया। युवती खुद को बालिग बताते हुए प्रेमी से शादी की जिद पर अड़ी थी। इसके बाद दोनों पक्षों में सहमति बन गई और थाने के सामने मंदिर में फेरे डलवाकर युवती को ससुराल रवाना कर दिया गया।
थाना प्रभारी हरपाल सिंह बालियान ने बताया कि दोनाें पक्षों में सहमति के बाद शादी करा दी गई है।