पुलिस लाइंस में चल रही 41वीं अंतर्जनपदीय एलार्म एफीशिएंसी रेस एवं रायफल-रिवाल्वर शूटिंग प्रतियोगिता का समापन हो गया। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि एसपी बब्लू कुमार ने विजेताओं को शील्ड और व्यक्तिगत पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया। शूटिंग में शाहजहांपुर तथा एफीशिएंसी रेस की शील्ड बरेली के हिस्से आई। जबकि 183 अंक हासिल करने वाले पीलीभीत के खलीक अहमद को बेस्ट शूटर घोषित किया गया। उन्हें व्यक्तिगत चैंपियनशिप की ट्रॉफी प्रदान की गई।
रायफल, रिवाल्वर, पिस्टल शूटिंग प्रतियोगिता में शाहजहांपुर की टीम विजेता और बरेली की टीम उपविजेता बनी। एफीशिएंसी रेस में बरेली विजेता और शाहजहांपुर उपविजेता रहा। अन्य टीमें बाधाएं पार नहीं कर पाने के कारण डिसक्वालिफाई कर दी गईं। निर्णायकों की भूमिका नबी हसन, राजेंद्र सिंह, सौदान सिंह, राजपाल सिंह आदि ने निभाई। एसपी बबलू कुमार ने पुरस्कार वितरण से पूर्व खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें खेलों में और परिश्रम करने के लिए प्रेरित किया।
सगीर अहमद के संचालन में हुए समापन कार्यक्रम में प्रतिसार निरीक्षक विक्रम सिंह ने सभी टीमों के खिलाड़ियों, कोच, मैनेजर और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। व्यवस्था में हेड कांस्टेबिल महेंद्र सिंह आदि का योगदान रहा। इस अवसर पर एसपी ग्रामीण आशाराम यादव, एसपी नगर राजेश कुमार, सीओ लाइंस अनुराग दर्शन, सीओ पुवायां उमेश शर्मा समेत स्टाफ के अन्य सदस्य मौजूद रहे।