पीएम मोदी 12.55 बजे हेलिपैड से वाहन द्वारा चलकर एक बजे कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। दोपहर एक से दो बजे के बीच वह गंगा एक्सप्रेस-वे के शिलान्यास कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। 2.05 बजे कार्यक्रम स्थल से 2.50 बजे बरेली पहुंचेंगे। वहां से वह एयरफोर्स के विमान से वापस दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। दोपहर तीन बजकर 40 मिनट पर प्रधानमंत्री का विमान दिल्ली एयरपोर्ट पहुंच जाएगा।
शाहजहांपुर में कार्यक्रम में उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। गंगा एक्सप्रेस-वे का 52 किलोमीटर का हिस्सा शाहजहांपुर से गुजर रहा है। प्रधानमंत्री की रैली में मुख्य रूप से एक्सप्रेस-वे के रास्ते में आने वाले बदायूं और हरदोई जिले के लोग शामिल होंगे।
लखनऊ-दिल्ली नेशनल हाईवे के किनारे रैली स्थल होने के कारण यातायात दूसरे रास्तों से गुजारा जाएगा। केवल रैली में शामिल होने वाले वाहन ही हाईवे पर चल सकेंगे। बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की फाइनल रिहर्सल की गई। डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। लोगों के आवागमन में कोई दिक्कत न हो, इसका पूरा ख्याल रखा गया है।